एक दिवसीय बैंकर्स आमुखीकरण कार्यशाला आयोजित

एक दिवसीय बैंकर्स आमुखीकरण कार्यशाला आयोजित
X

भीलवाड़ा, । राजस्थान ग्रामीण आजीविका विकास परियोजना राजीविका के अंतर्गत मंगलवार को जिला स्तर पर एक दिवसीय बैंकर्स आमुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में लीड बैंक मैनेजर अशोक भारद्वाज तथा विशिष्ट अतिथि जिला परियोजना प्रबंधक नागेंद्र तोलंबिया उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना एवं पूजा अर्चना के साथ की गई। अमित जोशी ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए राजीविका की विभिन्न गतिविधियों एवं योजनाओं की जानकारी दी तथा बैंकर्स से राजीविका के साथ समन्वय बनाकर कार्य को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

जिला प्रबंधक वित्तीय राजेंद्र बाबर ने पीपीटी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से जिले में बैंकिंग से जुड़ी राजीविका की समस्त जानकारी साझा की। लीड बैंक मैनेजर अशोक भारद्वाज ने बैंक मित्रों एवं विभिन्न शाखाओं से आए बैंकर्स को बैंकिंग कार्यों से संबंधित दिशा निर्देश दिए तथा बैंकिंग प्रणाली की योजनाओं एवं वित्तीय प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की।

कार्यशाला के दौरान ब्लॉक स्तर की सर्वश्रेष्ठ बैंक मित्रा एवं ब्लॉक इंचार्ज को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में आरजीबी, एसबीआई, बीओबी, पीएनबी, आईसीआईसीआई, एचडीएफसी एवं महिला निधि सहित प्रमुख बैंकों के शाखा प्रबंधक उपस्थित रहे। साथ ही राजीविका के सभी ब्लॉकों से आए ब्लॉक मैनेजर एवं बैंक मित्रा भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

रूटसेट संस्था के डायरेक्टर रवि टेलर ने स्व रोजगार प्रशिक्षण से संबंधित जानकारी साझा की। कार्यक्रम के अंत में जिला परियोजना प्रबंधक नागेंद्र तोलंबिया ने सभी अतिथियों, बैंक प्रतिनिधियों, राजीविका स्टाफ एवं बैंक मित्रों का धन्यवाद ज्ञापित किया।

कार्यक्रम का मंच संचालन अरविंद मेघवंशी ने किया। कार्यक्रम में अमित जोशी, रूटसेट डायरेक्टर रवि टेलर, नाबार्ड डीडीएम मनीष, आरजीबी एआरओ प्रमोद सेनी, महिला निधि से दिनेश कुमार, आईसीआईसीआई बैंक हेड कृष्ण तोतला एवं एसबीआई से मिलन सहित विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Next Story