आयुष्मान आदर्श ग्राम योजना के पोस्टर का विमोचन, उपखंड स्तरीय बैठक में दिए गए समन्वय के निर्देश

सवाईपुर सांवर वैष्णव। आयुष्मान आदर्श ग्राम योजना को लेकर मंगलवार को उपखंड अधिकारी कार्यालय कोटड़ी में उपखंड स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपखंड अधिकारी तानिया रींवा ने की। इसी अवसर पर योजना के पोस्टर का उपखंड स्तर पर विमोचन भी किया गया।
बैठक में उपखंड अधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए बन का खेड़ा ग्राम पंचायत को आयुष्मान आदर्श ग्राम बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए प्रत्येक विभाग की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है ताकि गांव को स्वास्थ्य, स्वच्छता और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में आदर्श बनाया जा सके।
आयुष विभाग से आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ मुकेश वैष्णव ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर बन का खेड़ा के माध्यम से किए जाने वाले कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा पूरे किए जाने वाले 18 बिंदुओं पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों से सहयोग और समन्वय बनाए रखने का आग्रह किया।
बैठक में पंचायत राज विभाग, आयुष विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा शिक्षा विभाग के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने योजना को प्रभावी रूप से लागू करने के लिए अपने स्तर पर सहयोग देने का आश्वासन दिया।
