जहाजपुर का नाम यज्ञपुर रखने की मांग विधानसभा में उठी
भीलवाड़ा। भीलवाड़ा जिले के जहाजपुर कस्बे का नाम बदलकर महाभारत कालीन नाम यज्ञपुर रखने की मांग मंगलवार को राजस्थान विधानसभा में गूंज उठी। जहाजपुर विधायक एवं भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष गोपीचंद मीणा ने विशेष उल्लेख प्रस्ताव के तहत यह विषय सदन में रखा।
विधायक मीणा ने सदन को बताया कि जहाजपुर प्राचीन काल से धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण रहा है तथा धार्मिक ग्रंथों और महाभारत कालीन उल्लेखों में इसका नाम यज्ञपुर बताया गया है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि ऐतिहासिक तथ्यों और जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए कस्बे का नाम परिवर्तित किया जाए। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि नगर पालिका जहाजपुर द्वारा इस संबंध में प्रस्ताव पारित कर जिला कलेक्टर के माध्यम से राज्य सरकार को भेजा जा चुका है।
विधायक ने कहा कि नाम परिवर्तन से क्षेत्र की ऐतिहासिक पहचान को सम्मान मिलेगा और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, जिससे स्थानीय विकास को गति मिलेगी। विधानसभा में मामला उठने के बाद क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने इसे लंबे समय से चली आ रही मांग की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया और सरकार से शीघ्र सकारात्मक निर्णय की उम्मीद जताई।
