चतरपुरा में रावणा राजपूत परिवार पर जानलेवा हमला और लूटपाट: समाज में भारी रोष, उग्र आंदोलन की दी चेतावनी


भीलवाड़ा। माण्डल थाना क्षेत्र के ग्राम चतरपुरा (भादू) में एक रावणा राजपूत परिवार पर हुए बर्बर हमले और लूटपाट की घटना ने पूरे जिले में सनसनी फैला दी है। समाज की बेटी सीमा कंवर और उनके पिता जगदीश सिंह के परिवार पर हुए इस हमले को लेकर श्री अखिल रावणा राजपूत सेवा संस्थान ने गहरा आक्रोश जताते हुए पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा है।

कुल्हाड़ी से हमला और 8 तोला सोना-नकदी की लूट

पूर्व युवा जिलाध्यक्ष नरेन्द्र सिंह गुढ़ा ने बताया कि 1 फरवरी 2026 की रात लगभग 25-30 असामाजिक तत्वों ने लाठियों, कुल्हाड़ियों और सरियों से लैस होकर जगदीश सिंह के घर पर धावा बोल दिया। हमलावरों ने जगदीश सिंह पर कुल्हाड़ी से जानलेवा वार किया, जिससे वे गंभीर घायल हो गए। आरोप है कि हमलावर घर से 8 तोला सोना, 4,45,000 रुपए नकद लूट ले गए और महत्वपूर्ण दस्तावेजों को आग के हवाले कर दिया। साथ ही घर की महिलाओं के साथ अभद्रता भी की गई।

नामजद रिपोर्ट और प्रशासन को अल्टीमेटम

संस्थान ने ज्ञापन के माध्यम से शंकर, रतन, देवा, रामलाल और नारायण सहित सभी नामजद आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। समाज ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही अपराधियों को सलाखों के पीछे नहीं भेजा गया और लूटा गया माल बरामद नहीं हुआ, तो पूरे जिले में उग्र आंदोलन किया जाएगा।

सैकड़ों की संख्या में उमड़ा समाज

ज्ञापन सौंपने के दौरान कांता कंवर कारोई, अलका कंवर, नरेंद्र सिंह गुढ़ा, चैतन्य सिंह महुआ, मदन सिंह टांक सहित सैकड़ों की संख्या में समाज के पुरुष और महिलाऐं उपस्थित थे। पीड़ित परिवार के लिए तत्काल सुरक्षा और मामले की जांच फास्ट ट्रैक मोड पर चलाने की मांग की गई है।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा

फोन: 7737741455


Next Story