राज्य स्तरीय कुश्ती में भीलवाड़ा का दबदबा: शंभूराज और दिव्या ने जीते स्वर्ण, हवाई जहाज से नेशनल खेलने जाएगी टीम

भीलवाड़ा/उदयपुर (हलचल)। उदयपुर में आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय अंडर-15 बालक-बालिका कुश्ती प्रतियोगिता में भीलवाड़ा के पहलवानों ने अपने हुनर का लोहा मनवाते हुए पदकों की झड़ी लगा दी है। उस्ताद ओमप्रकाश सेन की स्मृति में आयोजित इस प्रतियोगिता के समापन समारोह में भीलवाड़ा के खिलाड़ियों ने स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया।
हवाई यात्रा कर नेशनल खेलने जाएंगे विजेता
राजस्थान कुश्ती संघ के अध्यक्ष राजीव दत्ता ने ऐतिहासिक घोषणा करते हुए बताया कि इस प्रतियोगिता के स्वर्ण पदक विजेता पहलवान तमिलनाडु में होने वाली नेशनल चैंपियनशिप में हवाई जहाज से यात्रा करेंगे। यह पहली बार होगा जब राजस्थान की कुश्ती टीम हवाई यात्रा कर नेशनल प्रतियोगिता में भाग लेगी। साथ ही, राज्य सरकार की ओर से स्वर्ण विजेताओं को 1 लाख, रजत विजेताओं को 50 हजार और कांस्य पदक विजेताओं को 25 हजार रुपए की पुरस्कार राशि दी जाएगी।
भीलवाड़ा के इन जांबाजों ने जीते पदक:
प्रतियोगिता में भीलवाड़ा के पहलवानों ने विभिन्न भार वर्गों में शानदार प्रदर्शन किया:
स्वर्ण पदक (प्रथम स्थान): फ्री स्टाइल 41 किग्रा वर्ग में शंभूराज शर्मा और महिला कुश्ती 66 किग्रा वर्ग में दिव्या गुर्जर ने गोल्ड मेडल जीतकर भीलवाड़ा का मान बढ़ाया।
रजत पदक (द्वितीय स्थान): मोहित चौधरी (85 किग्रा), देवीलाल जाट (68 किग्रा), राजवीर (52 किग्रा), निष्ठा विश्नोई (42 किग्रा), वंशिका विश्नोई (58 किग्रा), दक्ष (38 किग्रा ग्रीको रोमन), हर्षित जाट (75 किग्रा) और देवराज (62 किग्रा) ने रजत पदक हासिल किए।
कांस्य पदक (तृतीय स्थान): देवराज (44 किग्रा ग्रीको रोमन) और ध्रुव नायक (48 किग्रा फ्री स्टाइल) ने ब्रॉन्ज मेडल पर कब्जा जमाया।
समापन समारोह में रहे दिग्गज मौजूद
प्रतियोगिता के समापन पर मुख्य अतिथि जनजाति मंत्री बाबूलाल खराड़ी थे। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में राजस्थान कुश्ती संघ संरक्षक आई.के. दत्त और जिला कुश्ती संघ अध्यक्ष पारस सिंघवी उपस्थित रहे। आयोजन समिति के संयुक्त सचिव कृष सेन ने बताया कि राज्य भर के 350 से अधिक खिलाड़ियों ने इस दंगल में भाग लिया था।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455.
