रंजिश के चलते दो चचेरे भाइयों पर हमला, तीन गिरफ्तार

By - bhilwara halchal |9 Feb 2026 10:07 PM IST
भीलवाड़ा बीएचएन। जिले के केसरपुरा गांव में गुर्जर परिवार में चल रही पुरानी रंजिश के तहत दो चचेरे भाइयों पर जानलेवा हमले की घटना सामने आई है। करेड़ा पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
सहायक उप निरीक्षक शरीफ मोहम्मद ने बताया कि केसरपुरा के एक गुर्जर परिवार के बीच पुरानी रंजिश चली आ रही थी। इसी के चलते सात फरवरी को पूरण गुर्जर व चचेरे भाई रोशन गुर्जर पर तीन लोगों ने लाठियों व हाथ में पहने कड़े से हमला कर दिया। इस हमले में रोशन के सिर में गंभीर चोट आई। पुलिस ने पीडि़त पक्ष की रिपोर्ट पर केस दर्ज कर जांच के बाद तीन आरोपितों अंबालाल व सांवर पुत्र छीतर गुर्जर व गोविंद पुत्र अंबालाल गुर्जर को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से इन्हें जेल भिजवा दिया गया।
Next Story
