रस्साकशी प्रतियोगिता में आटूण व आरजिया ने जमाई धाक

भीलवाड़ा । जिले के सुवाणा कस्बे में ग्रामीण क्षेत्रों में समरसता का भाव जगाने तथा युवाओं को नशे से दूर रखकर देशभक्ति की राह पर अग्रसर करने के उद्देश्य से स्वामी विवेकानंद युवा संस्थान द्वारा आयोजित भगवान श्री बलराम रस्साकशी प्रतियोगिता का धूमधाम से शुभारंभ हुआ। मातेश्वरी गौशाला परिसर में दूधिया रोशनी के बीच शुरू हुए इस रोमांचक आयोजन में पहले ही दिन खिलाड़ियों के बीच जबरदस्त जोर-आजमाइश देखने को मिली।
प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन हाथीभाटा आश्रम के महंत संत दास महाराज के सानिध्य में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान बलराम की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन से हुई तथा सरस्वती बाल विद्या मंदिर पांसल की बालिकाओं ने हनुमान चालीसा की प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों ने प्रतियोगिता की आकर्षक ट्रॉफियों का अनावरण किया। राष्ट्रगीत के साथ मैचों की शुरुआत होते ही पूरा परिसर देशभक्ति के उत्साह से गूंज उठा।
पहले दिन खेले गए मुकाबलों में आरजिया ने बड़ा महुआ को हराया, आटूण ने गठीला खेड़ा को एकतरफा शिकस्त दी, बिलिया कला ने स्वरूपगंज पर विजय प्राप्त की, जबकि कांदा और बरड़ोद के बीच कांटे की टक्कर में बरड़ोद विजयी रहा। कोचरिया और डुडिया टीमों के समय पर नहीं पहुंचने से मालोला और देवली को वॉकओवर देकर विजेता घोषित किया गया।
प्रतियोगिता के संयोजक एवं भाजपा किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष रामपाल चौधरी पांसल ने बताया कि पंचायत समिति स्तर पर आयोजित रात्रिकालीन प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार एक लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार 51 हजार रुपये तथा तृतीय पुरस्कार 21 हजार रुपये नकद दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में 479 टीमों के लगभग 4,790 खिलाड़ियों की भागीदारी इसकी व्यापक लोकप्रियता और सफलता का प्रमाण है। उद्घाटन समारोह में शंकर लाल माली, विनोद मेलाना, गोपी सारस्वत, सूरज भड़ाना, लादू लाल जाट, ओम प्रकाश शर्मा, सत्यनारायण पारीक, कैलाश मूंदड़ा, दुर्गा लाल जाट, नेहपाल सिंह, सज्जन सुथार, प्रकाश चपलोत, सुरेंद्र सिंह, विकास शर्मा, सुरेश वैष्णव, भगवान लाल गुर्जर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
