नवनियुक्त वैश्य युवा जिला कार्यकारिणी ने संगठन की मजबूती और एकता का लिया संकल्प

भीलवाड़ा। अंतर्राष्ट्रीय वैश्य फेडरेशन की नवनियुक्त युवा जिला कार्यकारिणी ने जिलाध्यक्ष अंकित सोमानी के नेतृत्व में संभागीय अध्यक्ष एवं भीलवाड़ा सांसद दामोदर अग्रवाल से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान युवा टीम ने सांसद का मार्गदर्शन प्राप्त किया और संगठन के प्रति उनके निरंतर सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। सांसद अग्रवाल ने नवनियुक्त कार्यकारिणी को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की मंगलकामनाएं कीं।
संगठित समाज ही बना सकता है अपनी पहचान: सांसद अग्रवाल
अपने ओजस्वी संबोधन में सांसद दामोदर अग्रवाल ने कहा कि आज के परिवेश में वैश्य समाज की एकता समय की मांग है। उन्होंने जोर देते हुए कहा, "संगठित समाज ही अपनी पहचान, सम्मान और प्रभाव स्थापित कर सकता है। वैश्य एकता द्वारा चलाया जा रहा सदस्यता अभियान समाज को संगठित शक्ति में बदलने का एक ऐतिहासिक अवसर है।" उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे अपनी पूरी ऊर्जा और समर्पण के साथ मैदान में उतरें और घर-घर संपर्क कर अधिक से अधिक रजिस्ट्रेशन सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि सदस्य संख्या ही संगठन की वास्तविक ताकत होती है।
सदस्यता अभियान को युद्ध स्तर पर चलाने का संकल्प
बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों ने एक स्वर में सदस्यता अभियान को युद्ध स्तर पर चलाने और वैश्य समाज की एकता को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का संकल्प लिया। इस गरिमामय अवसर पर प्रदेश मंत्री कलपेश चौधरी, प्रदेश महिला संगठन महामंत्री आरती कोगटा, जिला संरक्षक प्रेमस्वरूप गर्ग, जिलाध्यक्ष अंकित सोमानी, जिला महामंत्री हर्षिल नागौरी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष जितेंद्र बांठिया, आशीष शाह जैन, ऋषभ पोरवाल, कोषाध्यक्ष त्रिदेव मूंदड़ा और जिला मंत्री मितेश सोडाणी सहित कई पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।
