हलेड़ में भक्ति का सैलाब: श्री जल शंकर महादेव की प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न, संतों के सान्निध्य में हुआ महायज्ञ

हलेड़ में भक्ति का सैलाब: श्री जल शंकर महादेव की प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न, संतों के सान्निध्य में हुआ महायज्ञ
X


सांसद दामोदर अग्रवाल रहे मुख्य अतिथि; भव्य शोभायात्रा पर ग्रामीणों ने की पुष्प वर्षा, विशाल भंडारे में उमड़े श्रद्धालु

भीलवाड़ा। उपनगर के निकटवर्ती हलेड़ ग्राम में नवनिर्मित श्री जल शंकर महादेव मंदिर परिसर में रविवार को पंचकुटी महायज्ञ और मूर्ति प्राण-प्रतिष्ठा समारोह पूर्ण श्रद्धा और वैदिक विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर पूरा गांव शिवमय हो गया और सैकड़ों की संख्या में उमड़े श्रद्धालुओं ने धर्म लाभ लिया।

संतों का मिला सान्निध्य

समारोह में निंबार्क आश्रम के मोहन शरण शास्त्री महाराज, श्री काठिया बाबा आश्रम के बनवारी शरण महाराज, हाथी भाटा आश्रम के संतदास महाराज, किर की चौकी आश्रम के मोनी बाबा और पंचमुखी रीको एरिया के लाल बाबा महाराज सहित कई वरिष्ठ संत-महात्मा उपस्थित रहे। संतों ने अपने आशीर्वचन में अध्यात्म और सेवा के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।

वैदिक मंत्रोच्चार से गुंजायमान हुआ वातावरण

यज्ञाचार्य मुरली मनोहर शर्मा और ज्योतिषाचार्य अंबालाल जाट के निर्देशन में संपूर्ण अनुष्ठान संपन्न हुआ। वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच भगवान भोलेनाथ की मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा की गई और हवन-यज्ञ में आहुतियां दी गईं। इससे पूर्व गांव में भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसका ग्रामीणों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर आत्मीय स्वागत किया।

सांसद और जनप्रतिनिधियों ने की शिरकत

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भीलवाड़ा सांसद दामोदर अग्रवाल मौजूद रहे। वहीं माण्डल विधायक, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा, प्रशासक लाड देवी आचार्य और समाजसेवी बालू लाल आचार्य ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। सांसद अग्रवाल ने संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सांस्कृतिक चेतना को जागृत करते हैं और आपसी समरसता को बढ़ावा देते हैं।

महाप्रसाद के साथ समापन

प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव के समापन पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें आसपास के क्षेत्रों से आए सैकड़ों श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर भोजन प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन समिति ने सभी अतिथियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455

Next Story