खेत पर रखवाली के दौरान कुएं में गिरने से व्यक्ति की मौत

भीलवाड़ा। जिले के आसींद थाना क्षेत्र में खेत पर रखवाली करते समय एक व्यक्ति की कुएं में गिरने से मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कटार निवासी भेरूलाल पिता नानूराम कीर (47) गुरुवार शाम को अपने खेत पर गेहूं की फसल की रखवाली के लिए गए थे। देर रात तक जब वह घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की।
आसपास के इलाकों में खोजबीन के बाद भी जब भेरूलाल का कोई सुराग नहीं लगा, तो परिजन खेत पर पहुंचे। वहां स्थित कुएं में झांककर देखने पर भेरूलाल कीर का शव पानी में तैरता हुआ दिखाई दिया। सूचना पर आसपास के ग्रामीण एकत्रित हो गए और उनकी मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला गया।
शुक्रवार सुबह शव को आसींद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में लाया गया। आसींद पुलिस के एएसआई गड्ढ सिंह ने बताया कि परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। आवश्यक कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
