स्कूल में चोरी का पर्दाफाश: करेड़ा पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा, चोरी का माल और बाइक बरामद


भीलवाड़ा। क्षेत्र के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, गोरख्या में हुई चोरी की वारदात का करेड़ा थाना पुलिस ने महज कुछ ही दिनों में खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से स्कूल से चुराया गया सामान और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद की है

जानकारी के अनुसार, गोरख्या स्कूल के प्रधानाध्यापक ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोरों ने स्कूल के ताले तोड़कर मध्याह्न भोजन (मिड-डे मील) के लिए रखा 90 किलो गेहूं, 15 किलो चावल, गैस चूल्हा, बर्तन (थालियां, गिलास, धामे), पंखे, खेल सामग्री और कार्यालय से चेकबुक, पासबुक व एक हजार रुपये की नकदी पार कर दी थी।

थाना प्रभारी पूरणमल ने बताया कि मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और पुराने चालानशुदा अपराधियों पर निगरानी रखी। तकनीकी विश्लेषण के तहत संदिग्धों के मोबाइल नंबरों की सीडीआर (कॉल डिटेल रिकॉर्ड) खंगाली गई। सघन जांच और इनपुट के आधार पर पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने चोरी करना स्वीकार किया।

पुलिस ने इस मामले में पिंटू (26) पुत्र गोपाल बलाई, निवासी करेड़ा और मधु (21) पुत्र हरदेव गुर्जर, निवासी भीलवाड़ा को गिरफ्तार कर आरोपियों के कब्जे से 90 किलो गेहूं, दो पंखे, दो पासबुक, एक चेकबुक और चोरी के दौरान इस्तेमाल की गई बाइक जब्त कर ली है। पुलिस को अंदेशा है कि इन आरोपियों से पूछताछ के दौरान क्षेत्र में हुई अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सकता है।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455

Next Story