भीलवाड़ा: राजीविका परियोजना में ट्रैक्टर खरीद में धांधली का आरोप, अधिकारियों पर पद के दुरुपयोग और भ्रष्टाचार का लगा दाग


भीलवाड़ा। भीलवाड़ा जिले में राजीविका (राजस्थान ग्रामीण आजीविका विकास परिषद) परियोजना के तहत सीएचसी (CHC) योजना में ट्रैक्टर खरीद को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। भीलवाड़ा जिला इंटक के कार्यालय सचिव सत्यनारायण सेन ने विभाग के अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए सरकारी धन के दुरुपयोग और भ्रष्टाचार की शिकायत की है।

सीएलएफ को दरकिनार कर मनमर्जी से टेंडर करने का आरोप

सत्यनारायण सेन के अनुसार, परियोजना के अंतर्गत 12 ट्रैक्टर खरीदे जाने हैं। आरोप है कि इस प्रक्रिया में सीएलएफ (संकुल स्तरीय संघ) की स्वायत्तता को पूरी तरह खत्म कर दिया गया है। सेन ने बताया कि अधिकारियों ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए सीएलएफ के कुछ पदाधिकारियों को व्हाट्सएप कॉल के जरिए मजबूर किया और उनसे कार्यालय बुलाकर खाली लेटरहेड और सील (मुहर) ले ली गई।

बाजार दर से सवा लाख रुपये अधिक में खरीद की तैयारी

भ्रष्टाचार का खुलासा करते हुए इंटक सचिव ने बताया कि जिस ट्रैक्टर की वास्तविक बाजार दर लगभग 5 लाख 70 हजार रुपये है, उसका टेंडर मिलीभगत करके 6 लाख 90 हजार रुपये की ऊंची दर पर करवाया जा रहा है। यानी प्रति ट्रैक्टर करीब 1 लाख 20 हजार रुपये का सीधा आर्थिक नुकसान सीएलएफ और सरकारी खजाने को पहुंचाया जा रहा है।

पॉलिसी का उल्लंघन और अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग

सत्यनारायण सेन ने स्पष्ट किया कि सीएचसी पॉलिसी के अनुसार, सीएलएफ की कार्यकारिणी अपनी सहमति से मनचाहा ट्रैक्टर खरीदने के लिए पूरी तरह स्वतंत्र है। इसके बावजूद अधिकारियों द्वारा एक विशेष फर्म को फायदा पहुँचाने के लिए ऊंची दरों पर ट्रैक्टर थोपे जा रहे हैं, जिससे सभी सीएलएफ में गहरा रोष व्याप्त है।

प्रमुख मांगें:

ऊंची दर वाले इन विवादित टेंडरों को तुरंत निरस्त किया जाए।

भ्रष्टाचार और मिलीभगत में शामिल विभागीय अधिकारियों के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाए।

सीएलएफ को उनकी पसंद और नियमानुसार सही बाजार दर पर ट्रैक्टर खरीदने की अनुमति दी जाए।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा

फोन: 7737741455

Next Story