बिजौलिया के शातिर नकबजन गिरोह का विजयनगर पुलिस ने किया पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार

भीलवाड़ा/विजयनगर हलचल । भीलवाड़ा जिले के बिजौलिया क्षेत्र से ताल्लुक रखने वाले एक शातिर अंतर्राज्यीय नकबजनी गिरोह का विजयनगर (ब्यावर) पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के मुख्य सरगना सहित तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का माल और नकदी बरामद की है। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग जिलों में करीब 15 मामले दर्ज हैं।
200 किमी दूर से आकर देते थे वारदात को अंजाम
विजयनगर थाना पुलिस के अनुसार, यह गिरोह करीब 200 किलोमीटर दूर से मोटरसाइकिल पर सवार होकर आता था। दिन में रेकी करने के बाद रात के समय सूने मकानों के ताले तोड़कर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस अधीक्षक रतन सिंह के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर इन बदमाशों को दबोचा है।
बिजौलिया के निवासी हैं मुख्य आरोपी
पुलिस ने इस मामले में दौलत धोबी (53 वर्ष) निवासी धोबियों का मोहल्ला केसरगंज बिजौलिया, राधेश्याम प्रजापत (30 वर्ष) निवासी केसरगंज बिजौलिया और सुनील (58 वर्ष) निवासी बिजौलिया को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पूछताछ में विजयनगर क्षेत्र में की गई नकबजनी की कई वारदातों को स्वीकार किया है। पुलिस ने इनके पास से चोरी के आभूषणों से बनी छड़ और 20,000 रुपये नकद बरामद किए हैं।
दिसंबर में हुई थी बड़ी वारदात
उल्लेखनीय है कि 1 दिसंबर 2025 को विजयनगर की दरबार कॉलोनी में रहने वाले कनिष्ठ अभियंता दुर्गेश कुमार रेगर के सूने मकान से बदमाशों ने करीब 30 हजार नगद और भारी मात्रा में सोने-चांदी के जेवरात पार कर लिए थे। पुलिस तभी से इस गिरोह की तलाश में जुटी थी। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455
