भीलवाड़ा में कांग्रेस का हल्ला बोल: महंगाई और गैस किल्लत के विरोध में कलेक्टर कार्यालय पर प्रदर्शन, फूंका जाएगा पीएम का पुतला

भीलवाड़ा हलचल। बढ़ती महंगाई और रसोई गैस सिलेंडरों के दामों में बेतहाशा वृद्धि के खिलाफ अब जिला कांग्रेस कमेटी ने आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व मंत्री रामलाल जाट के नेतृत्व में कल, 16 मार्च को शहर की सड़कों पर कांग्रेस कार्यकर्ता सरकार के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन करेंगे।
कांग्रेस कार्यालय से निकलेगी रैली, फूंका जाएगा पुतला
पूर्व मंत्री रामलाल जाट ने बताया कि सोमवार प्रातः 11:00 बजे कांग्रेस कार्यालय से एक विशाल रैली निकाली जाएगी। जिले भर के कांग्रेस कार्यकर्ता रैली के रूप में सरकार विरोधी नारेबाजी करते हुए जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचेंगे। यहां महंगाई के विरोध में जमकर प्रदर्शन किया जाएगा और प्रधानमंत्री का पुतला फूंका जाएगा।
आमजन का बजट बिगड़ा, चूल्हे बुझने की नौबत
रामलाल जाट ने 'हलचल' से विशेष बातचीत में कहा कि घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में हाल ही में की गई 60 रुपए की बढ़ोतरी ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। उन्होंने कहा, "एक तरफ महंगाई से मध्यमवर्गीय परिवारों का बजट बिगड़ गया है, तो दूसरी तरफ शादी-ब्याह के सीजन में कमर्शियल सिलेंडरों की किल्लत पैदा कर दी गई है। छोटे होटल संचालकों और कैटरिंग व्यवसायियों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। कई घरों और दुकानों के चूल्हे बुझने की कगार पर हैं।"
महंगाई का मुद्दा: गरीब और मध्यम वर्ग बेहाल
कांग्रेस अध्यक्ष ने जोर दिया कि पेट्रोल-डीजल, खाद्य पदार्थ और सब्जियों के दाम पहले से ही आसमान छू रहे हैं। ऐसे में केंद्र सरकार की नीतियों के कारण गरीब और मध्यम वर्ग बुरी तरह पिस रहा है। कांग्रेस पार्टी जनता की इस आवाज को बुलंद करने के लिए कल सड़कों पर उतरेगी।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455
