खाद्य सुरक्षा को लेकर खाद्य व्यापारियों को कल मिलेगा फॉस्टेक प्रशिक्षण

भीलवाड़ा | जिले में शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा एक विशेष पहल की जा रही है। मंगलवार, 17 मार्च को खाद्य व्यापारियों और फूड हैंडलर्स के लिए फोस्टेक (Food Safety Training and Certification) प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह प्रशिक्षण आईएमए हॉल (सीएमएचओ कार्यालय परिसर के पास) में प्रातः 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलेगा।

स्वच्छता और सुरक्षा के नियमों की मिलेगी जानकारी

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि यह प्रशिक्षण एफएसएसएआई (FSSAI) नई दिल्ली से अधिकृत एजेंसी के विशेषज्ञों द्वारा दिया जाएगा। इसमें भोजन बनाने और उसे परोसने के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों, साफ-सफाई के मानकों और कानूनी नियमों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। प्रशिक्षण पूरा करने वाले सभी प्रतिभागियों को फूड अथॉरिटी की ओर से अधिकृत प्रमाण पत्र भी जारी किए जाएंगे।

इन व्यापारियों और कर्मियों के लिए अनिवार्य व उपयोगी

खाद्य सुरक्षा अधिकारी अशोक यादव के अनुसार, इस प्रशिक्षण में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े निम्न लोगों को आमंत्रित किया गया है:

सरकारी योजनाएं: अन्नपूर्णा रसोई के हैंडलर्स, मिड-डे-मील कुक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और रसोइयां।

व्यापारी: होटल-रेस्टोरेंट संचालक, मिठाई व नमकीन विक्रेता, डेयरी व किराना व्यापारी, घी-तेल विक्रेता।

स्ट्रीट वेंडर्स: चाय की थड़ी, कचौरी-पकौड़ी बनाने वाले और फल-सब्जी विक्रेता।

संस्थाएं: आवासीय विद्यालयों के रसोइयां और आजीविका समूह के सदस्य।

आरयूसीओ (RUCO) और तेल के दोबारा उपयोग पर विशेष सत्र

प्रशिक्षण के दौरान व्यापारियों को रीयूज्ड कुकिंग ऑयल (RUCO) यानी बार-बार गर्म किए गए तेल के उपयोग से होने वाले स्वास्थ्य नुकसान के प्रति जागरूक किया जाएगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रशिक्षण में भाग लेने के लिए सभी फूड हैंडलर्स को अपना आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा।

Next Story