शिव महापुराण कथा की तैयारियों को लेकर महिला मंडल की बैठक: घर-घर जाकर दिया जाएगा निमंत्रण

भीलवाड़ा | शहर के संकट मोचन हनुमान मंदिर में आगामी अप्रैल माह में आयोजित होने वाली भव्य शिव महापुराण कथा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। सोमवार को शिव महापुराण कथा आयोजन समिति के कार्यालय में महिला मंडल प्रमुख मंजू पोखरना और अलका जोशी के नेतृत्व में एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई।
8 से 14 अप्रैल तक बहेगी शिव ज्ञान की गंगा
समिति की ममता शर्मा ने बताया कि महंत बाबू गिरी जी महाराज के सानिध्य में 8 अप्रैल से 14 अप्रैल तक प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक शिव महापुराण कथा का आयोजन होगा। बैठक को संबोधित करते हुए मंजू पोखरणा ने कहा कि इस भव्य आयोजन को सफल बनाने के लिए महिला शक्ति का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और सदस्यों से अपील की कि वे टोलियां बनाकर घर-घर जाएं और भीलवाड़ा वासियों को कथा में पधारने का निमंत्रण दें।
7 अप्रैल को निकलेगी भव्य कलश यात्रा
कथा के शुभारंभ से पूर्व 7 अप्रैल को शाम 4:15 बजे शहर के विभिन्न मार्गों से भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। महिला मंडल ने निर्णय लिया है कि कलश यात्रा में सभी महिलाएं लाल चुनर और लाल साड़ी पहनकर सम्मिलित होंगी। सुरक्षा की दृष्टि से समिति ने सभी महिलाओं से आग्रह किया है कि वे आयोजन के दौरान कोई भी मूल्यवान आभूषण पहनकर न आएं ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा या चोरी की घटना से बचा जा सके।
भजनों पर झूमीं महिलाएं
बैठक के समापन पर मंजू तंबोली ने सुमधुर भजनों की प्रस्तुति दी, जिस पर उपस्थित महिलाएं भाव-विभोर होकर झूम उठीं। बैठक में पार्षद नैना व्यास, पिंकी सोनी, दीपिका पाटनी, अनुराधा झा, मनीषा सिंह, स्नेहलता पटवारी, आरती सोमानी सहित बड़ी संख्या में महिला पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहीं। सभी ने तन-मन-धन से इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने का संकल्प लिया।
