छोबावड़ी सगस जी महाराज मठ पर नवकुण्डात्मक महायज्ञ की तैयारी: वेद मंत्रों के साथ हुआ ध्वजारोहण

गेंदलिया | हमीरगढ़ क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध छोबावड़ी सगस जी महाराज रतनेश्वर महादेव मठ पर आयोजित होने वाले भव्य नवकुण्डात्मक महायज्ञ की धार्मिक गतिविधियां शुरू हो गई हैं। सोमवार को यज्ञ स्थल पर विद्वान पंडितों के वेद मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से यज्ञ का ध्वजारोहण किया गया।
संतों के सानिध्य में संपन्न हुई रस्म
पंडित गोविंद शास्त्री ने बताया कि यह महायज्ञ श्री श्री 1008 बाल बापू नागा जी महाराज एवं यज्ञकर्ता श्री श्री 1008 साध्वी देव गिरी जी महाराज के पावन सानिध्य में आयोजित किया जा रहा है। सोमवार को आयोजित ध्वजारोहण कार्यक्रम के दौरान आचार्य और याज्ञिक सम्राट पंडित राधेश्याम वेदाचार्य (भीलवाड़ा) ने मंत्रोच्चार के साथ ध्वज की स्थापना करवाई।
देश की उन्नति और सनातन धर्म के उत्थान का संकल्प
महायज्ञ के आयोजन को लेकर मठ परिसर में युद्ध स्तर पर तैयारियां चल रही हैं। ध्वजारोहण कार्यक्रम में यज्ञ के मुख्य प्रधान यजमान सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और यजमान सम्मिलित हुए। आयोजन समिति के अनुसार, इस महायज्ञ का मुख्य उद्देश्य देश की उन्नति, वातावरण की शुद्धि और सनातन धर्म की परंपराओं को आगे बढ़ाना है।
आगामी दिनों में यहाँ विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान और आहुतियां दी जाएंगी, जिसके लिए श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
