गणगौर महोत्सव की धूम: मिसेज गणगौर और घूमर नृत्य के साथ महिलाओं ने बिखेरे संस्कृति के रंग

भीलवाड़ा | अग्रवाल समाज संपत्ति ट्रस्ट के तत्वाधान में अग्रवाल महिला मंडल और अग्रवाल नवयुवक मंडल द्वारा अग्रवाल उत्सव भवन में भव्य गणगौर महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राजस्थानी लोक संस्कृति की झलक देखने को मिली, जहाँ महिलाओं और युवतियों ने उत्साहपूर्वक पारंपरिक प्रतियोगिताओं में भाग लिया।
टोपला सजाओ और मिसेज गणगौर प्रतियोगिता ने मोहा मन
महिला मंडल अध्यक्ष रितु नागोरी और सचिव अंजली हिम्मतरामका ने बताया कि महोत्सव के दौरान "गणगौर माता का टोपला सजाओ" प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें महिलाओं ने रंग-बिरंगी टोकरियों में ईसर-गणगौर की मूर्तियों के साथ सोलह श्रृंगार की सामग्री सजाकर अपनी रचनात्मकता का परिचय दिया। वहीं, "मिसेज गणगौर" प्रतियोगिता में राधा अग्रवाल प्रथम और अर्पिता तोदी द्वितीय रहीं।
सामूहिक घूमर और ईसर-गणगौर की जीवंत झांकी
कार्यक्रम प्रभारी रितु निमोदिया और प्रीति टिक्कीवाल के निर्देशन में सामूहिक घूमर नृत्य का आयोजन हुआ, जिसमें महिलाओं ने सुमधुर गीतों पर थिरक कर समां बांध दिया। विशेष आकर्षण ईसर-गणगौर का रूप धारण कर आए छोटे बालक-बालिकाएं रहे, जिन्हें पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम के दौरान अग्रवाल नवयुवक मंडल की नई कार्यकारिणी की घोषणा भी की गई।
प्रमुख सदस्यों की रही गरिमामयी उपस्थिति
संचालक अमिता लोहिया ने महिला मंडल कार्यकारिणी विस्तार की जानकारी दी। निर्णायक की भूमिका मनीषा अग्रवाल और विनीता बागडोडिया ने निभाई। इस अवसर पर अग्रवाल समाज संपत्ति ट्रस्ट के पदाधिकारियों सहित गुणमाला अग्रवाल, वंदना अग्रवाल, पायल अग्रवाल, नीतू जालान और सिल्की केडिया सहित बड़ी संख्या में समाज की महिलाएं उपस्थित रहीं।
