मंगरोप में आस्था का सैलाब, हर्षोल्लास के साथ मनाया गया भगवान चारभुजा नाथ का फूलडोल महोत्सव

मंगरोप BHN| कस्बे में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी अमावस्या के अवसर पर भगवान श्री चारभुजा नाथ का भव्य फूलडोल महोत्सव बड़ी धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। नगर भ्रमण के दौरान ठाकुर जी ने हर गली-मोहल्ले में भक्तों को दर्शन दिए, जिससे पूरा वातावरण 'जय चारभुजा' के जयघोष से गुंजायमान हो उठा।
भक्तों के कंधों पर सवार होकर निकले ठाकुर जी
शाम 4 बजे भगवान श्री चारभुजा नाथ सज-धज कर बड़े मंदिर से बाहर निकले। परंपरा के अनुसार, ठाकुर जी भक्तों के कंधों पर सवार होकर सबसे पहले पूर्व महाराज प्रदुम्न सिंह जी के रावले (महल) में पधारे। वहां से भगवान का नगर भ्रमण शुरू हुआ। इस दौरान कस्बे के हर समाज की महिलाओं और पुरुषों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। जगह-जगह भगवान का भव्य स्वागत किया गया। भक्तों की सेवा के लिए कहीं ठंडाई, चाय-नाश्ता तो कहीं जूस की व्यवस्था की गई।
देर रात तक चला लाड-चाव, महलों में हुई महाआरती
मंदिर मंडल के मुख्य संरक्षक माहरासाहब प्रदुम्न सिंह के सानिध्य में भगवान का भ्रमण देर रात तक जारी रहा। अलसुबह करीब 3 बजे ठाकुर जी पुनः महलों में पधारे, जहां भव्य महाआरती का आयोजन हुआ। भक्तों ने भगवान को खूब लाड लड़ाया और सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान मा. प्रदुम्न सिंह, प्रेम सिंह, छोटू लाल गाडरी, अशोक पाराशर, संदीप पुरोहित, पुजारी समाज के प्रमुख लोग, राकेश कीर सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
राघव सोमानी बने मंदिर मंडल के नए अध्यक्ष
फूलडोल कार्यक्रम के समापन के पश्चात गांव के गणमान्य नागरिकों और मोतबीरों की एक विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंदिर मंडल के आगामी कार्यों और व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। सर्वसम्मति से राघव सोमानी को आगामी एक वर्ष के लिए मंदिर मंडल का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया। नवनियुक्त अध्यक्ष का ग्रामीणों ने स्वागत किया और आशा व्यक्त की कि उनके नेतृत्व में मंदिर की परंपराओं को और भव्यता मिलेगी।
