ई-बस सेवा का विस्तार: ढिकोला तक रूट जोड़ने की मांग, कांग्रेस सचिव ने कलेक्टर को लिखा पत्र

भीलवाड़ा। जिले में हाल ही में शुरू की गई ई-बस सेवा को लेकर ग्रामीणों की सुविधाओं के विस्तार की मांग उठने लगी है। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी (अभाव अभियोग प्रकोष्ठ) के प्रदेश सचिव मनीष नायक ने भीलवाड़ा जिला कलेक्टर से ई-बसों के रूट को उपतहसील मुख्यालय ढिकोला तक बढ़ाने का आग्रह किया है।
नायक ने बताया कि वर्तमान में ई-बसों का संचालन सुचारू किया जा रहा है, जिसमें एक दैनिक रूट भीलवाड़ा से बड़ा महुआ तक निर्धारित किया गया है, जिसकी दूरी लगभग 20 किलोमीटर है। उन्होंने मांग की है कि आमजन की भावनाओं और आवश्यकता को देखते हुए इस रूट को 10 किलोमीटर और आगे बढ़ाकर 30 किलोमीटर दूर स्थित उपतहसील मुख्यालय ढिकोला तक किया जाए।
ग्रामीणों और विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ
प्रदेश सचिव ने तर्क दिया कि ढिकोला तक बस सेवा बढ़ने से क्षेत्र के अध्ययनरत बालक-बालिकाओं, दैनिक मजदूरों और व्यापारियों को सुगम परिवहन का लाभ मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की ई-बसें संचालित करने की मंशा भी यही है कि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को जिला मुख्यालय तक पहुँचने में सुविधा हो।
नायक ने पत्र में विश्वास जताया कि जिला प्रशासन जनहित में इस मांग पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर ढिकोला के ग्रामीणों के साथ न्याय करेगा।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455.
