खाकी का खौफ: नदी में पुलिस की दबिश, डंपर और जेसीबी जब्त, दो गिरफ्तार

भीलवाड़ा बीएचएन | जिले में अवैध बजरी खनन और इसके काले कारोबार के खिलाफ खाकी का 'हंटर' लगातार चल रहा है। माफियाओं के हौसलों को पस्त करने के लिए बड़लियास पुलिस ने आज नदी के सीने को चीर रहे अवैध खनन पर सर्जिकल स्ट्राइक की है। पुलिस ने मौके से एक जेसीबी और डंपर को लोहे के शिकंजे में कसते हुए दो चालकों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।
डीएसटी की सटीक सूचना पर घेराबंदी
बड़लियास थाने के सहायक उप निरीक्षक (ASI) जेठमल ने बताया कि जिला स्पेशल टीम (DST) से अवैध खनन की पुख्ता जानकारी मिली थी। पुलिस जाब्ते ने सवाईपुर के नजदीक कंवलियास इलाके में नदी क्षेत्र में अचानक दबिश दी। पुलिस की गाड़ियों की गड़गड़ाहट सुनते ही खनन स्थल पर हड़कंप मच गया।
मौके से मशीनरी बरामद
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने नदी के भीतर अवैध बजरी भर रहे एक डंपर और खुदाई में लगी एक जेसीबी को रंगे हाथों पकड़ लिया। पुलिस ने बिना देरी किए दोनों मशीनों को जब्त कर लिया और थाने ले आई। खनन माफिया ने भागने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी इतनी सख्त थी कि उन्हें मौका नहीं मिला।
दो चालक सलाखों के पीछे
पुलिस ने इस मामले में अवैध परिवहन और खनन के आरोप में डंपर और जेसीबी के चालकों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान बशमीन खां मेव और दीपक प्रजापत के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस कार्रवाई से क्षेत्र के बजरी तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।
