राज्यपाल को मिला भीलवाड़ा की शिवमहापुराण कथा का आमंत्रण: संतों ने जयपुर पहुँचकर किया भावपूर्ण आग्रह

भीलवाड़ा । वस्त्र नगरी भीलवाड़ा में आगामी 8 से 14 अप्रैल तक होने वाली विश्व विख्यात कथाकार पंडित प्रदीप मिश्रा की 'श्री शिवमहापुराण कथा' को लेकर उत्साह चरम पर है। कथा आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने गुरुवार को जयपुर स्थित राजभवन पहुँचकर राजस्थान के माननीय राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागड़े से मुलाकात की और उन्हें इस भव्य धार्मिक अनुष्ठान में सम्मिलित होने के लिए भावपूर्ण निमंत्रण दिया।
संतों के सान्निध्य में दी तैयारियों की जानकारी:
संकटमोचक हनुमान मंदिर के महंत बाबूगिरी महाराज एवं हाथीभाटा आश्रम के महंत संतदास महाराज के सान्निध्य में हुई इस मुलाकात के दौरान आयोजन समिति के विधायक अशोक कोठारी और कार्यकारी अध्यक्ष राधेश्याम सोमानी ने राज्यपाल को अवगत कराया कि मेवाड़ की धरा पर पहली बार पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा का इतना बड़ा आयोजन होने जा रहा है। मेडिसिटी ग्राउंड, आज़ाद नगर में होने वाली इस कथा के लिए की जा रही व्यापक तैयारियों और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के प्रबंधों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
राज्यपाल ने दीं मंगलकामनाएं:
आयोजन समिति ने राज्यपाल से इस आयोजन की गरिमा बढ़ाने हेतु भीलवाड़ा आने का विशेष आग्रह किया, जिस पर राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागड़े ने कथा के सफल आयोजन के प्रति अपनी मंगलकामनाएं व्यक्त कीं। इस अवसर पर गौभक्त विधायक अशोक कोठारी ने संतों द्वारा रचित धार्मिक साहित्य भी राज्यपाल को भेंट किया।
ये पदाधिकारी रहे मौजूद:
प्रतिनिधिमंडल में वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुनील जागेटिया, सह-संयोजक सत्येंद्र बिरला, सचिव बद्रीलाल सोमानी, ललित सोमानी, राजेश कुदाल, सत्यनारायण सेन और अर्पित कोठारी सहित समिति के कई गणमान्य सदस्य शामिल थे।
