भीषण गर्मी से पहले ही 'परा' में हाहाकार:: चंबल प्रोजेक्ट की सुस्ती ने छीनी ग्रामीणों की प्यास, महंगे टैंकरों के भरोसे ग्रामीण और बेजुबान

चंबल प्रोजेक्ट की सुस्ती ने छीनी ग्रामीणों की प्यास, महंगे टैंकरों के भरोसे ग्रामीण और बेजुबान
X

आसींद मंजूर शेख । आसींद विधानसभा क्षेत्र के बदनोर उपखंड की ग्राम पंचायत परा में सूरज के तेवर तल्ख होने से पहले ही जल संकट ने विकराल रूप धारण कर लिया है। हालत यह है कि अभी मार्च का महीना खत्म भी नहीं हुआ और ग्रामीणों को बूंद-बूंद पानी के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। विडंबना यह है कि दावों के बावजूद गांव में अब तक चंबल जल प्रोजेक्ट की सप्लाई नहीं पहुंच पाई है।

जल जीवन मिशन के दावे कागजी, ग्रामीण परेशान:

ग्रामीणों का आरोप है कि केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी 'जल जीवन मिशन' योजना का लाभ भी परा गांव तक नहीं पहुंच सका है। गांव के नलों में पानी आना तो दूर, पाइपलाइनों का इंतजार ही खत्म नहीं हो रहा। पेयजल के पारंपरिक स्रोत सूखने की कगार पर हैं, जिससे न केवल इंसानों के लिए बल्कि बेजुबान पशुधन को बचाने का भी गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

महंगे निजी टैंकरों का सहारा, जेब पर पड़ रहा डाका:

मजबूरन ग्रामीणों को अपनी और अपने पशुओं की प्यास बुझाने के लिए निजी टैंकरों का सहारा लेना पड़ रहा है। पानी माफिया इसका फायदा उठा रहे हैं और ग्रामीणों को मोटे दाम वसूल कर पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। एक तरफ खेती-बाड़ी में मंदी और दूसरी तरफ पानी पर हो रहा यह अतिरिक्त खर्च ग्रामीणों की कमर तोड़ रहा है।

अधिकारियों को कई बार चेताया, पर नतीजा सिफर:

ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने इस गंभीर पेयजल समस्या को लेकर संबंधित विभाग के आला अधिकारियों को कई बार लिखित और मौखिक रूप से अवगत करवाया है, लेकिन अब तक आश्वासन के अलावा धरातल पर कोई समाधान नहीं निकला है। अब जबकि भीषण गर्मी का दौर शुरू हो चुका है, ग्रामीण इस चिंता में हैं कि आने वाले महीनों में वे पानी की व्यवस्था कैसे कर पाएंगे। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि चंबल प्रोजेक्ट और जल जीवन मिशन के कार्यों को युद्ध स्तर पर पूरा कर गांव में जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (ईमेल: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा। फोन: 7737741455

Next Story