सीएमओ में एलपीजी संकट पर सर्वदलीय मंथन: भीलवाड़ा विधायक अशोक कोठारी ने सुझाया 'दिल्ली मॉडल', शादियों और उद्योगों के लिए अलग नीति की मांग

सीएमओ में एलपीजी संकट पर सर्वदलीय मंथन: भीलवाड़ा विधायक अशोक कोठारी ने सुझाया दिल्ली मॉडल, शादियों और उद्योगों के लिए अलग नीति की मांग
X

भीलवाड़ा। मध्य पूर्व एशिया (पश्चिम एशिया) में गहराते युद्ध के बाद उत्पन्न हुए एलपीजी संकट को लेकर शुक्रवार को मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में भीलवाड़ा विधायक अशोक कुमार कोठारी ने औद्योगिक नगरी की समस्याओं और आगामी सहालग (शादी-ब्याह) के सीजन को देखते हुए अत्यंत व्यावहारिक एवं जनहितकारी सुझाव रखे।

उद्योगों पर मंडराता रोजी-रोटी का संकट:

विधायक कोठारी ने मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि भीलवाड़ा एक प्रमुख टेक्सटाइल हब है, जहाँ प्रोसेस हाउसों में एलपीजी का भारी उपभोग होता है। वर्तमान में घरेलू गैस की तुलना में कमर्शियल (वाणिज्यिक) गैस की किल्लत अधिक है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उद्योगों को पर्याप्त गैस नहीं मिली, तो लाखों श्रमिकों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो जाएगा। उन्होंने राज्य सरकार से इस विषय को केंद्र के समक्ष प्रभावी ढंग से रखने की अपील की।

पीएनजी विस्तार और 'शादी-ब्याह' के लिए विशेष नीति:

कोठारी ने सुझाव दिया कि पाइपलाइन गैस (PNG) के कनेक्शनों का तेजी से विस्तार किया जाए, क्योंकि इसका स्टॉक पर्याप्त है और यह एलपीजी से सस्ती भी है। इसके साथ ही उन्होंने दिल्ली सरकार की तर्ज पर एक विशेष नीति बनाने की मांग की, ताकि प्रदेश में होने वाले वैवाहिक, धार्मिक एवं मांगलिक आयोजनों के दौरान एलपीजी की आपूर्ति निर्बाध बनी रहे और आमजन को भटकना न पड़े।

विपक्ष का साथ और मुख्यमंत्री का आश्वासन:

बैठक में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली सहित विभिन्न दलों के 12 विधायकों ने भाग लिया और संकट की इस घड़ी में सरकार के साथ खड़े रहने का संकल्प जताया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विधायक कोठारी के सुझावों की सराहना करते हुए कहा कि स्थिति पर सरकार की पैनी नजर है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध भंडारण और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि घबराने की आवश्यकता नहीं है, केवल सतर्क और संयमित रहें।

बैठक में ये रहे मौजूद:

इस महत्वपूर्ण चर्चा में मंत्री सुमित गोदारा, श्रीचंद कृपलानी, सुभाष गर्ग, राजेंद्र पारीक, बसपा विधायक मनोज कुमार सहित कई दिग्गज नेता उपस्थित रहे। वहीं मंत्री जोगाराम पटेल और मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े।

Next Story