बिजौलिया: मकरेडी में अवैध खनन का तांडव, धमाकों से थर्राए ग्रामीणों के मकान

बिजौलिया: मकरेडी में अवैध खनन का तांडव, धमाकों से थर्राए ग्रामीणों के मकान
X


भीलवाड़ा। बिजौलिया क्षेत्र की मकरेडी पंचायत के आंट इलाके में चरागाह और राजस्व भूमि पर हो रहे सेंड स्टोन के अवैध खनन ने ग्रामीणों का जीना मुहाल कर दिया है। सड़क किनारे स्थित सरकारी जमीन को मशीनों से दिन-रात छलनी किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में न केवल सरकारी संपदा की लूट हो रही है, बल्कि आम जनजीवन भी खतरे में है।

अवैध विस्फोटों से मकानों में आईं दरारें

ग्रामीण गोविल और अन्य निवासियों का आरोप है कि खनन माफिया द्वारा किए जा रहे 'लाल बत्ती' विस्फोट (भारी धमाके) इतने शक्तिशाली हैं कि आसपास के पक्के मकानों की दीवारों में दरारें आने लगी हैं। रात के सन्नाटे में भारी मशीनों के शोर और अचानक होने वाले धमाकों ने बच्चों और बुजुर्गों में दहशत भर दी है। ग्रामीणों का कहना है कि वे अपने ही घरों में असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

खनिज विभाग की 'लापरवाही' या 'अज्ञानता'?

हैरानी की बात यह है कि जहां ग्रामीण दिन-रात हो रहे अवैध खनन से त्रस्त हैं, वहीं खनिज विभाग को इसकी ताजा जानकारी तक नहीं है। माइनिंग फोरमैन गिरिराज मीणा का कहना है कि 4 महीने पहले एक शिकायत पर कार्रवाई की गई थी, लेकिन फिलहाल वहां क्या चल रहा है, उन्हें पता नहीं। हालांकि, उन्होंने एक लीज होल्डर द्वारा नियमानुसार काम करने की बात कही है, जबकि ग्रामीणों का दावा है कि लीज की आड़ में चरागाह भूमि पर अवैध कब्जा किया जा रहा है।

अब होगा मौका मुआयना

विवाद बढ़ता देख फोरमैन ने आश्वासन दिया है कि ग्रामीणों की शिकायत पर टीम भेजकर मौका मुआयना कराया जाएगा और यदि कोई अनियमितता पाई गई तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455

Next Story