भीलवाड़ा जिले भर में महावीर जयंती की धूम: 'जियो और जीने दो' के संदेश के साथ निकली भव्य शोभायात्राएं

भीलवाड़ा। अहिंसा के अवतार 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी का 2625वां जन्म कल्याणक महोत्सव आज जिले भर में हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। शहर से लेकर कस्बों तक जैन समाज द्वारा भव्य शोभायात्राएं निकाली गईं, जिनमें बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाओं ने भाग लेकर भगवान महावीर के सिद्धांतों को जन-जन तक पहुँचाया।
भीलवाड़ा: विधायक कोठारी का साफा बांधकर स्वागत
शहर में महावीर जयंती के अवसर पर पूर्वांचल जन चेतना समिति द्वारा गजाधर मानसिंह का धर्मशाला के बाहर स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया। समिति के सदस्यों ने यहाँ से गुजर रही शोभायात्रा पर पुष्प वर्षा की। इस दौरान भीलवाड़ा विधायक अशोक कोठारी एवं समाज के वरिष्ठ जनों का साफा बांधकर व अभिनंदन कर स्वागत किया गया।
आसींद: सामूहिक शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब
आसींद कस्बे में सकल जैन समाज के तत्वाधान में सामूहिक शोभायात्रा निकाली गई। कार्यक्रम का शुभारंभ तेरापंथ सभा भवन से हुआ। शोभायात्रा के दौरान पूरा कस्बा 'भगवान महावीर स्वामी की जय' और 'जियो और जीने दो' के नारों से गुंजायमान हो उठा। इस मौके पर विरवाल जैन समाज का भी विशेष स्वागत किया गया।
शाहपुरा: महासाध्वियों के सान्निध्य में धर्म आराधना
शाहपुरा में श्री वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संघ के तत्वाधान में जन्म कल्याणक महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। परम विदुषी उप प्रवर्तिनी महासाध्वी डॉ. श्री दिव्य प्रभा जी म.सा. एवं श्री आर्या जी म.सा. के पावन सान्निध्य में विविध धार्मिक अनुष्ठान हुए। हजारों की संख्या में मौजूद श्रद्धालुओं ने धर्म आराधना कर भगवान महावीर के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
गंगापुर (दिनेश लक्षकार)
सकल जैन संघ द्वारा जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर का जन्म कल्याणक बड़े उत्साह से मनाया गया।स्थानीय चंद्रप्रभु मंदिर से सायं 4:00 बजे भगवान की शोभायात्रा प्रारंभ हुई, जो कुंड चौक, सदर बाजार, कसारा बाजार से भ्रमण करती हुई पुनः मंदिर पहुंची जहां भगवान की महा आरती कर उपस्थित भक्त जनों को प्रसाद वितरित किया गया।
शोभायात्रा में सजे धजे घोड़ों पर जैन ध्वज लिए बच्चे तथा उनके पीछे सकल समाज सफेद गणवेश में तथा महिलाएं केसरिया परिधान में नारे लगाते हुए चल रहे थे। इससे पूर्व दोपहर में स्थानीय कालू कल्याण कुंज में स्थानीय महिला मंडल द्वारा भगवान महावीर से संबंधित सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी गई।सभी कार्यक्रमों में समाज के बच्चों, महिलाओं एवं युवकों ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया
हमीरगढ़ में महावीर जयंती पर भव्य जुलूस, हर्षोल्लास से मनाया उत्सव
हमीरगढ़ (अल्लाउद्दीन मंसूरी)
महावीर जयंती के पावन अवसर पर हमीरगढ़ में भव्य जुलूस का आयोजन किया गया। जुलूस गाजे-बाजों के साथ पिलवाड़ी, सदर बाजार होते हुए निकाला गया, जिसमें समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।जुलूस में सभी वर्गों की सहभागिता रही और पूरे गांव में हर्षोल्लास का वातावरण बना रहा। इसके पश्चात गौतम प्रसादी का आयोजन हुआ, जिसमें समाजजनों ने मिलकर लाभ लिया।
