राजस्थान सूचना सहायक संघ का मूल संगठन में विलय, गौरव कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष नियुक्त

भीलवाड़ा। राजस्थान अधीनस्थ कम्प्यूटर कर्मचारी संघ के प्रदेशाध्यक्ष कपिल चौधरी के नेतृत्व में संगठन के विस्तार हेतु नई नियुक्तियां की गई हैं। इस दौरान राजस्थान सूचना सहायक संघ का अपने मूल संगठन में विधिवत विलय कर दिया गया, जिससे प्रदेश भर के आईटी कर्मचारियों में नई ऊर्जा का संचार हुआ है।

नई नियुक्तियों के तहत गौरव गुप्ता को कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष एवं दीपचन्द कुमावत को प्रदेश महासचिव की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। साथ ही, वर्ष 2023 बैच के नए सदस्यों को भी कार्यकारिणी में स्थान देकर संगठन को युवा नेतृत्व से जोड़ा गया है।

भीलवाड़ा जिलाध्यक्ष शान्तिस्वरूप जीनगर ने बताया कि इस विलय से संगठन को अभूतपूर्व मजबूती मिलेगी। इस अवसर पर संगठन ने अपनी लंबित मांगों के लिए पुरजोर प्रयास करने का संकल्प लिया। मुख्य रूप से सूचना सहायक की ग्रेड पे 3600 व सहायक प्रोग्रामर की ग्रेड पे 4200 करने, पूरे कैडर को तकनीकी घोषित कराने और समयबद्ध नियमित पदोन्नति दिलाने के मुद्दों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। जिलाध्यक्ष ने कहा कि संगठन अब एकजुट होकर अपनी मांगों को सरकार के समक्ष और अधिक प्रभावी ढंग से उठाएगा।

Next Story