हनुमान जन्मोत्सव पर भव्य शोभायात्रा

भीलवाड़ा | आम मेवाड़ वैष्णव बैरागी समाज द्वारा हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर हरनी महादेव स्थित हनुमान मंदिर में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का गरिमामय आयोजन किया गया। समाज के महामंत्री प्रेमदास बरड़ौद ने जानकारी देते हुए बताया कि अध्यक्ष रतन दास मंडफिया के सानिध्य में आयोजित इन कार्यक्रमों में श्रद्धालुओं का भारी उत्साह देखने को मिला।
धार्मिक अनुष्ठानों की रही धूम
उत्सव का शुभारंभ प्रातः 7:00 बजे भगवान के विशेष अभिषेक के साथ हुआ। इसके पश्चात 8:30 बजे विधिवत हवन पूजन किया गया एवं 9:30 बजे सुंदरकांड के पाठ से वातावरण भक्तिमय हो गया।
शहर के मुख्य मार्गों से निकली शोभायात्रा
दोपहर 12:30 बजे सिद्धबली हनुमान मंदिर से भव्य शोभायात्रा का आगाज़ हुआ। महंत श्री श्री 108 जागेश्वर दास जी महाराज द्वारा ध्वज की आरती उतारकर यात्रा को रवाना किया गया। समस्त वैष्णव युवा समिति और वैष्णव बैरागी समाज के तत्वावधान में निकली यह शोभायात्रा कलेक्ट्रेट चौराहा, रेलवे स्टेशन, सूचना केंद्र, कोतवाली और कावा खेड़ा होते हुए पुनः हरनी महादेव हनुमान मंदिर पहुँची।
बाल भोग और महाप्रसाद का आयोजन
मंदिर पहुँचने पर ध्वज की विशेष आरती की गई और बालाजी महाराज को 'बाल भोग' लगाया गया। कार्यक्रम के समापन पर बड़ी संख्या में उपस्थित समाज बंधुओं ने सामूहिक भोजन प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान पूरे मार्ग में बजरंग बली के जयकारों से शहर गुंजायमान रहा।
