डॉ. एस. एन. मोदानी को ग्लोबल टेक्सटाइल लीडरशिप लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड

भीलवाड़ा । टेक्सटाइल नगरी भीलवाड़ा के लिए गर्व का क्षण है। संगम ग्रुप के वाइस चेयरमैन और राजस्थान टेक्सटाइल मिल्स एसोसिएशन (RTMA) के चेयरमैन डॉ. एस. एन. मोदानी को 'ग्लोबल टेक्सटाइल लीडरशिप लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड 2026' से नवाजा गया है। कन्फेडरेशन ऑफ इंडियन टेक्सटाइल इंडस्ट्री (CITI) द्वारा आयोजित 13वें एशियन टेक्सटाइल कॉन्फ्रेंस (ATEXCON 2026) के दौरान उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया गया।
मुख्यमंत्री की उपस्थिति में हैदराबाद में हुआ सम्मान
हैदराबाद (तेलंगाना) के होटल नोवोटेल कन्वेंशन सेंटर में 2 अप्रैल 2026 को आयोजित भव्य समारोह में तेलंगाना के मुख्यमंत्री अनुमुला रेवंत रेड्डी की गरिमामयी उपस्थिति रही। डॉ. मोदानी को यह सम्मान तेलंगाना के हैंडलूम एवं टेक्सटाइल मंत्री तुम्मला नागेश्वर राव और आईटी व इंडस्ट्री मंत्री डी. श्रीधर बाबू के हाथों प्रदान किया गया।
नवाचार और उत्कृष्ट नेतृत्व को मिली पहचान
संगम ग्रुप के पीआरओ डॉ. राजकुमार जैन ने बताया कि डॉ. मोदानी को यह पुरस्कार टेक्सटाइल क्षेत्र में उनके आजीवन समर्पण, नवाचार और उद्योग के परिवर्तन में दिए गए अग्रणी योगदान के लिए दिया गया है। उनके नेतृत्व में भारतीय टेक्सटाइल उद्योग ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नए आयाम स्थापित किए हैं। सम्मेलन के दौरान डॉ. मोदानी ने पैनल चर्चा में भी हिस्सा लिया और भविष्य की चुनौतियों व अवसरों पर अपने विचार साझा किए।
इस उपलब्धि पर देश-विदेश के उद्योगपतियों, विशेषज्ञों और विभिन्न व्यापारिक संगठनों ने डॉ. मोदानी को बधाई देते हुए इसे भीलवाड़ा और राजस्थान के गौरव में बढ़ोतरी बताया है।
