नवाचार: गुवारड़ी के फूलडोल महोत्सव में गूँजा शिक्षा का शंखनाद

भीलवाड़ा BHN.चित्तौड़गढ़ मार्ग पर स्थित गुवारड़ी गांव में परंपरागत रूप से आयोजित होने वाले फूलडोल महोत्सव में इस वर्ष भक्ति के साथ-साथ शिक्षा की अनूठी ज्योत जलाई गई। इस धार्मिक आयोजन में एक सराहनीय नवाचार करते हुए क्षेत्र की उभरती प्रतिभाओं का सम्मान किया गया, जिसने पूरे महोत्सव में एक नई ऊर्जा का संचार कर दिया। कार्यक्रम के दौरान सुवाणा उप प्रधान श्याम लाल गुर्जर की पहल पर गांव के उन सभी छात्र-छात्राओं का सार्वजनिक अभिनंदन किया गया, जिन्होंने बोर्ड परीक्षाओं (5वीं, 8वीं, 10वीं और 12वीं) में 70 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए हैं। उप प्रधान गुर्जर ने स्वयं इन मेधावियों का स्वागत कर उन्हें सम्मानित किया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य बच्चों के मनोबल को बढ़ाना और उन्हें भविष्य में और अधिक ऊंचाइयां छूने के लिए प्रेरित करना है।
महोत्सव में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि धार्मिक आयोजनों के मंच से जब शिक्षा और योग्यता का सम्मान होता है, तो समाज में सकारात्मक संदेश जाता है। इस सम्मान समारोह से न केवल उत्तीर्ण छात्र गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं, बल्कि गांव के छोटे बच्चे भी आने वाले वर्षों में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित हुए हैं। ग्रामीणों ने उप प्रधान श्याम लाल गुर्जर के इस विजन की मुक्तकंठ से सराहना की। स्थानीय लोगों का मानना है कि ऐसे आयोजनों से गांव में शिक्षा के प्रति प्रतिस्पर्धात्मक माहौल बनेगा और 'पढ़ेगा गुवारड़ी, तभी तो बढ़ेगा गुवारड़ी' का सपना साकार होगा। भक्ति और ज्ञान के इस संगम ने फूलडोल महोत्सव को इस बार यादगार बना दिया।
