पत्रकार पर जानलेवा हमले के मामले में दो आरोपी जेल भेजे, दो अब भी फरार

बिजौलिया। कस्बे में पत्रकार श्याम विजय पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी गई। न्यायिक मजिस्ट्रेट ने दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने के आदेश दिए हैं। वहीं इस मामले के दो अन्य आरोपी अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

घटना 1 अप्रैल की रात करीब 9:10 बजे की है, जब पत्रकार श्याम विजय पंचायत चौक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बिना नंबर की कार में सवार बदमाशों ने उनके घर के बाहर घात लगाकर लाठी-सरियों से हमला कर दिया। हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। बदमाशों ने उनके पास से करीब 11 हजार रुपए नकद और 30 ग्राम सोने की चेन लूट ली तथा जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

पीड़ित की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और लक्ष्मीनारायण उर्फ कालू (25) निवासी छोटा दरवाजा, बिजौलिया और हेमंत (26) निवासी विवेकानंद नगर, कोटा को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Next Story