भीलवाड़ा के स्कूलों में न्यायिक अधिकारियों ने सिखाया साइबर सुरक्षा का पाठ

भीलवाड़ा के स्कूलों में न्यायिक अधिकारियों ने सिखाया साइबर सुरक्षा का पाठ
X

भीलवाड़ा। स्कूली बच्चों में कानूनी जागरूकता और अधिकारों की समझ विकसित करने के लिए प्रदेशव्यापी विशेष अभियान "Transformative Tuesdays" का मंगलवार को शानदार आगाज हुआ। राजस्थान उच्च न्यायालय और राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार इस अभियान की शुरुआत अप्रैल के पहले मंगलवार को भीलवाड़ा न्यायक्षेत्र के 39 विद्यालयों में विधिक साक्षरता शिविरों के साथ हुई।

जिला एवं सेशन न्यायाधीश अभय जैन ने श्री महेश पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा का पाठ पढ़ाते हुए साइबर बुलिंग, डिजिटल अरेस्ट और ऑनलाइन फ्रॉड से बचने के तरीके सिखाए। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव विशाल भार्गव ने बताया कि यह अभियान पूरे साल चलेगा, जिसके तहत हर महीने के पहले और तीसरे मंगलवार को न्यायिक अधिकारी स्कूलों में जाकर बच्चों को जागरूक करेंगे। कार्यक्रम की सबसे अनूठी पहल "कोर्ट वाली दीदी" शिकायत पेटी है, जिसमें छात्र अपनी समस्याएं गुप्त रूप से डाल सकेंगे।

इस विशेष अभियान के दौरान जिला मुख्यालय के विभिन्न स्कूलों में शिविर आयोजित करने के लिए पवन कुमार सिंघल, शंकर लाल मारू, नवीन चौधरी, मुजफ्फर चौधरी, बाल किशन मिश्रा, श्रीमती अर्चना मिश्रा, श्रीमती ग्रीष्मा शर्मा, श्रीमती शालिनी महर्षी, श्रीमती सुषमा शर्मा और नगेंद्र सिंह सहित कई वरिष्ठ न्यायिक अधिकारी मौजूद रहे और बच्चों को जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा दी।

Next Story