छोबावड़ी सगस जी धाम में कलश यात्रा के साथ महोत्सव का भव्य आगाज, दुर्गा शक्ति अखाड़े की बहनों ने दिखाए हैरतअंगेज करतब

हमीरगढ़ (अल्लाउद्दीन मंसूरी)। नेशनल हाईवे-48 के समीप स्थित प्रसिद्ध छोबावड़ी सगस जी धाम और रत्नेश्वर महादेव मठ में मंगलवार से सनातन धर्म के पावन महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। महंत साध्वी देवगिरी के सान्निध्य में आयोजित इस सात दिवसीय महोत्सव के पहले दिन क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का सैलाब उमड़ पड़ा।
भव्य कलश यात्रा और हाथी पर सवार महंत का स्वागत
महोत्सव के पहले दिन तगतपुरा बड़ा मंदिर से एक विशाल पावन कलश यात्रा निकाली गई। बड़ी संख्या में महिलाएं सिर पर मंगल कलश धारण कर भजनों की धुन पर नाचती-गाती हुई चल रही थीं। यात्रा के दौरान हाथी पर सवार महंत साध्वी देवगिरी का ग्रामीणों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर आत्मीय स्वागत किया। यह यात्रा विभिन्न मार्गों से होती हुई छोबावड़ी सगस जी धाम परिसर पहुंची, जिससे पूरा वातावरण धर्ममय हो गया।
नवकुंडीय महायज्ञ का शुभारंभ और शौर्य प्रदर्शन
कलश यात्रा के समापन के पश्चात विधि-विधान के साथ यज्ञ मंडप प्रवेश की रस्म अदा की गई और नवकुंडीय महायज्ञ का शुभारंभ हुआ। इस दौरान वैदिक मंत्रोच्चारण से पूरा परिसर गुंजायमान रहा। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण दुर्गा शक्ति अखाड़ा समिति की बहनों का प्रदर्शन रहा, जिन्होंने हैरतअंगेज करतब दिखाकर महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया।
13 अप्रैल तक चलेंगे धार्मिक अनुष्ठान
आयोजन समिति ने बताया कि यह महोत्सव आगामी 13 अप्रैल तक अनवरत चलेगा। इस दौरान प्रतिदिन नवकुंडीय यज्ञ, भजन संध्या और विद्वान संतों के प्रवचन आयोजित किए जाएंगे।
इनकी रही गरिमामय उपस्थिति
महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर (राव साहब) युग प्रदीप सिंह राणावत, हर्ष प्रदीप सिंह, गिरिराज मूंदड़ा, ओमप्रकाश व्यास, गोपाललाल पारीक, कैलाश चंद्र मंडोवरा, कालूलाल पारीक, मनोज कुमार चौरसिया, सुभाषचन्द्र दरक, सीताराम अहीर, नानूराम अहीर, दही लाल, और पुजारी हजारीलाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। आयोजकों ने सभी धर्मप्रेमियों से महोत्सव में सम्मिलित होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।
