सुठेपा में पंचकुंडीय विष्णु यज्ञ व पाटोत्सव की पूर्णाहुति: महाआरती के साथ गांव हुआ भक्तिमय, विश्व शांति के लिए दी आहुतियां

गेंदलिया (भीलवाड़ा)। क्षेत्र की ग्राम पंचायत सुठेपा में रविवार से आयोजित तीन दिवसीय पंचकुंडीय विष्णु यज्ञ एवं पाटोत्सव का मंगलवार को पूर्णाहुति के साथ समापन हुआ। इस धार्मिक आयोजन से पूरा गांव भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया और वातावरण मंत्रोच्चार से गुंजायमान रहा।
25 जोड़ों ने दी हजारों आहुतियां
ग्रामीण कैलाश जसावत ने जानकारी देते हुए बताया कि बड़े भाटा वाले सगस जी के स्थान पर आयोजित इस यज्ञ में 25 दंपत्ति जोड़ों ने भाग लिया। विद्वान पंडितों के सानिध्य में हजारों मंत्रोच्चारण के साथ यज्ञ वेदी में आहुतियां दी गईं। मंगलवार को यज्ञ की पूर्णाहुति के अवसर पर भव्य महाआरती का आयोजन किया गया, जिसके बाद भगवान को भोग लगाकर ग्रामीणों में महाप्रसाद का वितरण किया गया।
पर्यावरण संरक्षण का संदेश और विश्व कल्याण की कामना
इस पावन अवसर पर यजमानों द्वारा पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। ग्रामीणों के अनुसार, इस पंचकुंडीय यज्ञ का उद्देश्य विश्व में शांति, जनकल्याण, सुख-समृद्धि और रोगों के निवारण की कामना करना था।
प्रमुख जनप्रतिनिधियों ने की शिरकत
आयोजन के दौरान कोटड़ी के पूर्व प्रधान विजय सिंह राणावत, सीआर भंवर गुर्जर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण पुरुष एवं महिलाएं उपस्थित रहे। श्रद्धालुओं ने पाटोत्सव के दौरान श्रद्धापूर्वक धोक लगाकर खुशहाली की मन्नत मांगी।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455
