भीलवाड़ा में आवासन मण्डल लॉन्च करेगा नई आवासीय योजना, बजट घोषणा के तहत मिली सौगात

भीलवाड़ा। राजस्थान आवासन मण्डल (RHB) आम आदमी के अपने घर के सपने को पूरा करने के लिए एक बार फिर कमर कस चुका है। राज्य बजट 2026-27 की घोषणाओं की पालना में मण्डल जल्द ही प्रदेश के चुनिंदा शहरों के साथ भीलवाड़ा में भी नई आवासीय योजनाएं लॉन्च करने जा रहा है। इससे जिले के मध्यम और निम्न आय वर्ग के परिवारों को किफायती और सुरक्षित आवास मिल सकेंगे।
हर वर्ग के लिए उपलब्ध होंगे विकल्प
इन नवीन योजनाओं के अंतर्गत ईडब्ल्यूएस (EWS), एलआईजी (LIG), मध्यम आय वर्ग और उच्च आय वर्ग के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं। योजना की खास बात यह है कि इसमें फ्लैट्स के साथ-साथ स्वतंत्र आवास (Independent Houses) के विकल्प भी उपलब्ध होंगे। गुणवत्तापूर्ण निर्माण और आधुनिक सुविधाओं के साथ ये आवास शहर के नियोजित विकास में मील का पत्थर साबित होंगे।
आवासन आयुक्त ने दिए विकास कार्यों में तेजी के निर्देश
योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन को लेकर मंगलवार को आवासन आयुक्त अरविंद पोसवाल ने जयपुर स्थित आवास भवन में उच्च स्तरीय बैठक ली। पोसवाल ने स्पष्ट किया कि राजस्थान सरकार की मंशा के अनुरूप मण्डल हर हाथ को छत देने के लिए संकल्पित है। उन्होंने अभियंताओं को निर्देश दिए कि भीलवाड़ा सहित अन्य जिलों की इन योजनाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखा जाए और निर्माण कार्य में गुणवत्ता से कोई समझौता न हो।
इन जिलों में भी खुलेंगे आवास के द्वार
भीलवाड़ा के साथ-साथ जयपुर, उदयपुर, बीकानेर, टोंक, नागौर, अलवर और करौली में भी नई योजनाएं धरातल पर उतारी जाएंगी। भीलवाड़ा में जमीन के चिह्नीकरण और प्रोजेक्ट की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया जा रहा है, जिससे जल्द ही आवेदन प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455
