जिला कांग्रेस कमेटी भीलवाड़ा शहर की बैठक संपन्न: संगठन मजबूती और बूथ सशक्तिकरण पर दिया जोर

जिला कांग्रेस कमेटी भीलवाड़ा शहर की बैठक संपन्न: संगठन मजबूती और बूथ सशक्तिकरण पर दिया जोर
X

भीलवाड़ा हलचल। जिला कांग्रेस कमेटी भीलवाड़ा शहर की एक महत्वपूर्ण बैठक गुरुवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित की गई। जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवराम खटीक के नेतृत्व में हुई इस बैठक में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने के साथ-साथ संगठन को बूथ स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

मंडल प्रभारियों ने सौंपी रिपोर्ट

बैठक के दौरान विभिन्न मंडल प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की वर्तमान स्थिति की जानकारी साझा की। कुणाल ओझा ने बताया कि सभी प्रभारियों ने अपने वार्ड और बूथ की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की है। संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय करने के लिए मंडल स्तर पर प्रभारियों को विशेष दिशा-निर्देश दिए गए।

विभिन्न पदों पर की गई नई नियुक्तियां

संगठन के विस्तार और सुचारू संचालन के लिए बैठक में महत्वपूर्ण नियुक्तियां भी की गईं। मनोज पालीवाल, योगेश सोनी, प्रकाश चन्द्र ओझा और कश्मीर शेख को पश्चिमी ब्लॉक प्रभारी बनाया गया है। वहीं, धर्मेंद्र पारीक, गुडविन मसीह, उस्मान पठान, राजकुमार माली, अनीता पाहड़िया और दीपमाला लोट को पूर्व ब्लॉक प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सरकार की विफलताओं के खिलाफ ब्लॉक स्तर पर होगा आंदोलन

बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष शिवराम खटीक ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार, सरकार की विफलताओं को जनता के बीच ले जाने के लिए जल्द ही ब्लॉक स्तर पर सामूहिक आंदोलन और प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि आगामी दिनों में शहर स्तर पर एक बड़ी बैठक बुलाई जाएगी, जिसमें भीलवाड़ा की प्रभारी नसीम अख्तर और सह प्रभारी कैलाश जालीवाल मौजूद रहेंगे।

पदाधिकारियों की रही गरिमामयी उपस्थिति

बैठक के अंत में पीसीसी सदस्य मनोज पालीवाल ने सभी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर अनिल राठी, धर्मेंद्र पारिक, राजेंद्र जैन, गुडविन मसीह, योगेश सोनी, अनिता पहाड़िया, दीपमाला लॉट, शिवराज सुराणा, नवरत्न जैन, निशार सिलावट, गोपाल खटिक, राजकुमार माली, राजकुमार पायक, कश्मीर मोहम्मद शैख़, कैन्हया लाल, भूरालाल रेगर, गोरीशंकर दायमा, उस्मान पठान और राजकुमार जैन सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Next Story