ढ़ेलाणा में अजगर का बच्चा निकलने से मचा हड़कंप, सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा

सवाईपुर ( सांवर वैष्णव )। सवाईपुर क्षेत्र के ढ़ेलाणा गांव में गुरुवार को एक घर में अजगर का बच्चा निकलने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। बाद में ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए अजगर के बच्चे को सुरक्षित पकड़कर आबादी क्षेत्र से दूर जंगल में छोड़ दिया।
खाखले के घर में मिला अजगर
ग्रामीण अनिल कुमार साहू ने बताया कि ढ़ेलाणा गांव निवासी नंदराम दास वैष्णव के घर पर बने खाखले (चारे) के गोदाम में काम चल रहा था। इसी दौरान खाखला निकालते समय वहां एक अजगर का बच्चा दिखाई दिया। अचानक अजगर को देख परिवार के सदस्य चौंक गए और आसपास के लोगों को इसकी सूचना दी।
सावधानी से किया रेस्क्यू
सूचना मिलने पर बबलू वैष्णव मौके पर पहुंचे और उन्होंने सावधानी बरतते हुए करीब दो फीट लंबे अजगर के बच्चे का सुरक्षित रेस्क्यू किया। अजगर के बच्चे को पकड़ने के बाद उसे गांव से दूर निर्जन जंगल में ले जाकर सुरक्षित छोड़ दिया गया, जिसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
