माली महासभा के प्रवक्ता रोशन गढ़वाल पर जानलेवा हमला, निजी अस्पताल में भर्ती

X

माली महासभा के प्रवक्ता रोशन गढ़वाल पर जानलेवा हमला, निजी अस्पताल में भर्ती

​भीलवाड़ा | शहर में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। बीती रात माली महासभा के जिला प्रवक्ता रोशन गढ़वाल पर अज्ञात कारणों के चलते जानलेवा हमला किया गया। हमले में गढ़वाल गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका उपचार फिलहाल एक निजी चिकित्सालय में जारी है।

​भूखंड दिखाने के बहाने ले गए साथ

महासभा के गोपाल बुलीवाल के अनुसार, रोशन गढ़वाल को 100 फीट रोड स्थित 'गुरु कृपा इलेक्ट्रिक' से कुछ लोग भूखंड (प्लॉट) दिखाने के बहाने अपने साथ ले गए थे। बताया जा रहा है कि माणिक्य नगर निवासी रामलाल माली सहित करीब आधा दर्जन लोग उन्हें बाइक पर बिठाकर ले गए।


सुनसान इलाके में ले जाकर हमलावरों ने पूर्व नियोजित तरीके से रोशन गढ़वाल पर हमला बोल दिया। उन पर धारदार हथियारों और लोहे के पाइपों से ताबड़तोड़ वार किए गए, जिससे वे लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।

घायल रोशन को तुरंत महात्मा गांधी जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही गोपाल बुलीवाल सहित माली समाज के अनेक गणमान्य लोग और पदाधिकारी अस्पताल पहुंचे और घायल की कुशलक्षेम पूछी। समाज के लोगों ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

Next Story