डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा का भव्य अनावरण, सामाजिक एकता का दिया संदेश

रायपुर/भीलवाड़ा। रायपुर ब्लॉक के ग्राम देवरिया में आज संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा का भव्य अनावरण समारोह आयोजित किया गया। इस गौरवशाली अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और सर्व समाज के गणमान्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

दामोदर अग्रवाल रहे मुख्य अतिथि

समारोह के मुख्य अतिथि सांसद दामोदर अग्रवाल थे, जबकि अध्यक्षता प्यारेलाल खोईवाल ने की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में बरजी देवी, बालू राम जाट, रूपलाल जाट, मोतीलाल सिंघानिया, पूनम नाथ सपेरा, रणदीप त्रिवेदी, ज्ञानमल खटीक और रामेश्वर लाल छिपा सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। स्थानीय नेतृत्व में खाखरमाला सरपंच मांगीलाल गुर्जर, नाहरी सरपंच रघुवीर सिंह चुंडावत, मोखुंदा सरपंच मदनलाल रेगर, गलवा सरपंच सुरेश सालवी और पूर्व सरपंच गोपाल सोनी ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई।

संविधान और समानता पर दिया जोर

मुख्य अतिथि दामोदर अग्रवाल ने बाबा साहब के जीवन संघर्षों को याद करते हुए कहा कि उन्होंने समाज के सभी वर्गों को समान दृष्टि से देखते हुए देश को एक मजबूत संविधान दिया। वहीं, अध्यक्षता कर रहे प्यारेलाल खोईवाल ने संगठन की मजबूती और बाबा साहब के विचारों को आत्मसात करने पर जोर दिया।

सामाजिक समरसता की मिसाल

एडवोकेट पूनम नाथ सपेरा ने ग्राम देवरिया की सराहना करते हुए कहा कि सर्व समाज द्वारा एकजुट होकर प्रतिमा का अनावरण करना सामाजिक एकता का प्रतीक है और यह पूरे देश के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण है। कार्यक्रम के दौरान सभी वक्ताओं ने जातिगत भेदभाव मिटाकर भाईचारे और समरसता को बढ़ावा देने का संदेश दिया।

Next Story