बिजौलिया में मुख्यमंत्री सद्भावना केंद्र का आगाज: सेवा, संवेदना और पर्यावरण संरक्षण की अनूठी पहल

बिजौलिया (दीपक राठौर)। नगर पालिका बिजौलिया द्वारा जनहित में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए 'मुख्यमंत्री सद्भावना केंद्र' की विधिवत शुरुआत की गई है। विधायक गोपाल लाल शर्मा ने इस केंद्र को आमजन को समर्पित करते हुए इसे समाज सेवा, पुनर्चक्रण और सुव्यवस्थित दान प्रबंधन का एक सशक्त माध्यम बताया। यह केंद्र दानदाताओं और जरूरतमंदों के बीच एक पारदर्शी और विश्वसनीय कड़ी के रूप में कार्य करेगा।
जरूरतमंदों तक सही समय पर पहुँचेगी मदद
अधिशाषी अधिकारी पंकज कुमार मंगल ने बताया कि अक्सर दानदाता मदद तो करना चाहते हैं, लेकिन उन्हें वास्तविक जरूरतमंद की जानकारी नहीं मिल पाती। मुख्यमंत्री सद्भावना केंद्र इस समस्या का समाधान करेगा। यह केंद्र जरूरतमंद व्यक्तियों की आवश्यकताओं का विधिवत सत्यापन कर उनका डेटा तैयार करेगा, जिससे दानदाताओं को प्रामाणिक जानकारी मिल सकेगी। इससे दान का लाभ सीधे उन लोगों तक पहुँचेगा जिन्हें इसकी सबसे ज्यादा जरूरत है।
स्वच्छ भारत मिशन और पर्यावरण संरक्षण पर जोर
यह केंद्र स्वच्छ भारत मिशन के आरआरआर (रिड्यूस, रीयूज, रीसायकल) घटक के तहत भी कार्य करेगा। इसके माध्यम से पुराने कपड़े, जूते, किताबें, खिलौने, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और दवाइयाँ संग्रहित कर उनका पुनः उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा। इससे संसाधनों के कुशल उपयोग के साथ-साथ कचरे में कमी आएगी और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।
'बर्तन बैंक' से मिलेगी राहत, घटेगा कचरा
केंद्र के अंतर्गत एक 'बर्तन बैंक' की भी स्थापना की गई है। इसका मुख्य उद्देश्य धार्मिक और सामाजिक आयोजनों में डिस्पोजेबल बर्तनों के उपयोग को कम करना है। आमजन अपने पारिवारिक कार्यक्रमों के लिए यहाँ से बर्तन प्राप्त कर सकेंगे, जिससे न केवल उनका आर्थिक खर्च बचेगा, बल्कि प्लास्टिक और डिस्पोजेबल कचरे से होने वाले प्रदूषण पर भी लगाम लगेगी।
विधायक की अपील: सार्थक करें अपना दान
विधायक गोपाल लाल शर्मा ने जनता से अपील की कि दान एक पवित्र कर्तव्य है, लेकिन इसकी सार्थकता तभी है जब यह सही व्यक्ति तक पहुँचे। उन्होंने आग्रह किया कि नागरिक दान करने से पूर्व केंद्र से जानकारी प्राप्त करें ताकि समाज में कोई भी पात्र व्यक्ति सहायता से वंचित न रहे। यह केंद्र शिक्षा, स्वास्थ्य और विवाह सहायता जैसे क्षेत्रों में भी अपनी भूमिका निभाएगा।
