हमीरगढ़: पहाड़ी से उतरते समय अनियंत्रित होकर पलटी ट्रैक्टर-ट्रॉली, बिजली का पोल टूटा, टला बड़ा हादसा

हमीरगढ़ (अल्लाउद्दीन मंसूरी)। कस्बे के घाटी मोहल्ले के पास रविवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा होने से बाल-बाल टल गया। हमीरगढ़ पहाड़ी पर स्थित चलाणीया भेरू नाथ मंदिर से सामान लेकर लौट रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दौरान ट्रॉली सीधे बिजली के पोल से जा टकराई, जिससे पोल टूटकर गिर पड़ा। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, कस्बे के एक परिवार में शनिवार रात को रातिजगे का मांगलिक कार्यक्रम आयोजित हुआ था। रविवार दोपहर को कार्यक्रम का घरेलू सामान ट्रैक्टर-ट्रॉली में लादकर चालक पहाड़ी से नीचे उतर रहा था। इसी दौरान ढलान पर अचानक ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और ट्रॉली बेकाबू होकर पलट गई।
चालक ने कूदकर बचाई जान, बिजली आपूर्ति बंद
हादसे के वक्त चालक ने अदम्य साहस और सूझबूझ का परिचय दिया। जैसे ही उसे ट्रैक्टर के अनियंत्रित होने का आभास हुआ, वह समय रहते ट्रैक्टर से कूद गया, जिससे उसकी जान बच गई। ट्रॉली के बिजली के पोल से टकराते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना बिजली विभाग को दी, जिसके बाद विभाग ने एहतियात के तौर पर क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद कर दी।
ढलान पर सावधानी की दरकार
स्थानीय लोगों का कहना है कि पहाड़ी और ढलान वाले रास्तों पर भारी वाहनों की आवाजाही के दौरान विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है। लोगों के अनुसार, यदि ट्रॉली पोल से नहीं टकराती तो वह अनियंत्रित होकर नीचे आबादी क्षेत्र में भी जा सकती थी, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और स्थानीय लोगों की मदद से रास्ता साफ कराया गया है।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455
