साहूकार के सूने मकान पर धावा, गैस कटर से खिड़की काटकर अंदर घुसे चोर

आसींद (मंजूर)। आसींद कस्बे के बीचों-बीच स्थित रिहायशी इलाके श्रीमाल कॉलोनी में बीती रात चोरों ने एक साहूकार के सूने मकान को निशाना बनाकर चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। शातिर चोरों ने मकान में प्रवेश करने के लिए आधुनिक तरीके अपनाते हुए गैस कटर का इस्तेमाल कर खिड़की को काटा और अंदर दाखिल हुए।
घटना की जानकारी रविवार सुबह तब हुई जब पड़ोसियों ने मकान का मुख्य दरवाजा और खिड़की खुली देखी। सूचना मिलते ही आसींद पुलिस उपाधीक्षक ओम प्रकाश सिंह और थाना प्रभारी (CI) श्रीमती श्रद्धा पंचोरी जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
अलमारियां तोड़ीं, कमरों को किया अस्त-व्यस्त
चोरों ने मकान के सभी कमरों की अलमारियां और पलंगों को खंगाल डाला और सारा सामान अस्त-व्यस्त कर दिया। मकान मालिक सपरिवार बाहर गया हुआ था, जिसके चलते चोरों को वारदात के लिए लंबा समय मिल गया। पुलिस ने भीलवाड़ा से FSL टीम को भी मौके पर बुलवाया, जिसने चोरी की घटना के वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं।
CCTV में कैद हुए चोर, पुलिस ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन
पुलिस के अनुसार, श्रीमाल कॉलोनी और आसपास के मार्गों पर लगे CCTV कैमरों में कुछ संदिग्ध चोरों की तस्वीरें कैद हुई हैं। इन फुटेज के आधार पर आसींद थाने के क्राइम एक्सपर्ट्स और पुलिसकर्मियों ने युद्ध स्तर पर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। कस्बे में संदिग्धों पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है।
आसींद पुलिस का कहना है कि दी गई रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। हालांकि, चोरी गए नकदी और जेवरात की वास्तविक जानकारी मकान मालिक के वापस लौटने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455
