गेंदलिया: चौबावड़ी सगस जी महाराज के सानिध्य में रुद्र महायज्ञ का छठा दिन, टैंकर भर दूध से हुआ भगवान शिव का अभिषेक

गेंदलिया। विश्व कल्याण, शांति एवं समृद्धि की कामना के साथ क्षेत्र के चौबावड़ी सगस जी महाराज के स्थान पर चल रहे भव्य रुद्र महायज्ञ का छठा दिन रविवार को बड़े ही धूमधाम और धार्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ। यज्ञकर्ता देवगिरी जी महाराज के नेतृत्व एवं यज्ञ सम्राट पंडित राधेश्याम वेदाचार्य के सानिध्य में आयोजित इस महायज्ञ में भक्ति की अविरल धारा बह रही है।
यज्ञ के ब्रह्मा पंडित गोविंद शास्त्री ने बताया कि छठे दिन भगवान रुद्र का विशेष हवन संपन्न हुआ। इस दौरान नाना प्रकार की दुर्लभ औषधियों से भगवान शिव और नंदी जी का अभिषेक किया गया। आयोजन का मुख्य आकर्षण टैंकर भर दूध से किया गया भगवान शिव का दिव्य अभिषेक रहा, जिसे देखने और पुण्य लाभ कमाने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़ पड़े।
सनातन धर्म के प्रचार और विश्व शांति का संकल्प
यज्ञ के उपाचार्य पंडित वेद प्रकाश ज्योतिषाचार्य ने जानकारी दी कि अनुष्ठान के अंत में भव्य महाआरती की गई, जिसमें सैकड़ों भक्तों ने हिस्सा लिया। इसके पश्चात वैदिक विद्वानों द्वारा पुष्पवर्षा और पुष्पांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम के अंत में विशाल महाभंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें सभी भक्तों ने प्रसादी ग्रहण की।
विद्वानों और संतों का जमावड़ा
यज्ञ सम्राट पंडित राधेश्याम वेदाचार्य के मार्गदर्शन में हो रहे इस महायज्ञ का मुख्य उद्देश्य सनातन धर्म की रीति-नीति को आगे बढ़ाना और विश्व में सुख-शांति स्थापित करना है। यज्ञ में देश के विभिन्न कोनों से विद्वान पंडित और संत गण पधारे हुए हैं, जिनके रहने और भोजन की समुचित व्यवस्था यज्ञ समिति द्वारा की गई है। भगवान शंकर के आशीर्वाद से यह आयोजन क्षेत्र में आस्था का केंद्र बना हुआ है।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455
