भर्ती परीक्षाओं में बड़ा बदलाव : अब सुबह 10 की बजाय 11 बजे से होगी परीक्षा, अभ्यर्थियों को मिलेगी राहत

भीलवाड़ा । राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSSB) ने अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भर्ती परीक्षाओं के समय में बड़ा बदलाव किया है। 2 नवंबरसे अब एक पारी वाली परीक्षाएं सुबह 10 बजे के बजाय 11 बजे से शुरू होंगी।
पहले उम्मीदवारों को सुबह 9 बजे तक परीक्षा केंद्र पर एंट्री करनी होती थी, लेकिन अब परीक्षा शुरू होने से 45 मिनट पहले तक प्रवेश दिया जाएगा। यानी, अभ्यर्थियों को समय पर पहुंचने के लिए पहले जैसी हड़बड़ी नहीं करनी पड़ेगी। इसके अलावा बोर्ड एंट्री टाइम में 15 मिनट और अतिरिक्त राहत देने पर भी विचार कर रहा है।
बदलाव क्यों किए गए?
यातायात जाम की समस्या: बड़े शहरों में 10 बजे परीक्षा शुरू होने और 9 बजे तक एंट्री की बाध्यता के कारण कई अभ्यर्थी जाम में फंसकर परीक्षा से चूक जाते थे।
दूसरे जिलों से आने वाले अभ्यर्थी: रातभर रुकने और यात्रा खर्च से उनकी जेब पर अतिरिक्त भार पड़ता था।
पब्लिक ट्रांसपोर्ट की कमी: सुबह जल्दी पहुंचने में उम्मीदवारों को बड़ी परेशानी होती थी।
कब से लागू होंगे बदलाव?
इन बदलावों की शुरुआत 2 नवंबर को होने वाली वीडीओ भर्ती परीक्षा से होगी।
