पाकिस्तानी शिया मस्जिद में जुमे की नमाज के दौरान धमाका : 50 से ज्यादा लोगों की मौत की खबर

इस्लामाबाद। पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में जुमे की नमाज़ के समय एक मस्जिद में हुए भीषण धमाके से हड़कंप मच गया। इस हमले में 50 से अधिक लोगों के मारे जाने की खबरें सामने आ रही हैं, जबकि 70 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को शहर के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। हालांकि पाकिस्तान सरकार ने अब तक 12 लोगों की मौत की आधिकारिक पुष्टि की है। रिपोर्ट्स के मुताबिक घायलों को पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (PIMS) और सीडीए अस्पताल सहित तीन अस्पतालों में इलाज के लिए ले जाया गया है। धमाके के बाद की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिनमें घटनास्थल पर अफरा-तफरी और तबाही का मंजर दिखाई दे रहा है। स्थानीय मीडिया के अनुसार यह विस्फोट इस्लामाबाद की कसर-ए-खदीजतुल कुबरा मस्जिद में हुआ, जिसे शहर की प्रमुख मस्जिदों में गिना जाता है। शुरुआती जांच में इसे आत्मघाती हमला बताया जा रहा है। पुलिस और सेना की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और पूरे इलाके को घेरकर सुरक्षा कड़ी कर दी गई।
बताया जा रहा है कि दोपहर करीब एक बजे से नमाज़ के लिए लोग मस्जिद में इकट्ठा हो रहे थे। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति मस्जिद में प्रवेश करने की कोशिश कर रहा था। सुरक्षा जांच के दौरान उसे गेट पर रोक लिया गया, जिसके बाद उसने खुद को विस्फोट से उड़ा लिया।
इस्लामाबाद पुलिस का दावा है कि आत्मघाती हमलावर का संबंध अफगानिस्तान से था और हमले के पीछे तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) का हाथ होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अब तक किसी संगठन ने आधिकारिक तौर पर हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
जिस मस्जिद में हमला हुआ, वह शिया समुदाय की प्रमुख मस्जिद मानी जाती है। पाकिस्तान में शिया समुदाय की आबादी लगभग दो करोड़ है, जो देश की कुल जनसंख्या का करीब 10 से 12 प्रतिशत है।
गौरतलब है कि नवंबर 2025 के बाद यह इस्लामाबाद में दूसरा बड़ा आतंकी हमला है। इससे पहले नवंबर 2025 में इस्लामाबाद कोर्ट के बाहर हुए धमाके में 12 लोगों की जान गई थी और 36 लोग घायल हुए थे, जिसकी जिम्मेदारी तहरीक-ए-तालिबान ने ली थी।
