भीलवाड़ा से भी जोधपुर पहुँची बारातें, आदिगौड़ ब्राह्मण समाज के सामूहिक विवाह में 11 जोड़े बंधे परिणय सूत्र में

भीलवाड़ा BHNजोधपुर में आदिगौड़ ब्राह्मण समाज द्वारा आयोजित भव्य सामूहिक विवाह समारोह में भीलवाड़ा सहित कई शहरों से आई बारातों का अनूठा संगम देखने को मिला। गौड़ ब्राह्मण महासभा संस्थान, जोधपुर के प्रदेश सह सचिव दीपक गौड़ ने बताया कि इस गरिमामयी समारोह में कुल 11 जोड़ों का पाणिग्रहण संस्कार संपन्न हुआ।

समारोह की शुरुआत 5 फरवरी को हुई, जिसमें भीलवाड़ा, कोटा, उज्जैन और इंदौर जैसे दूरदराज के क्षेत्रों से पधारे वर-वधू और उनके परिवारों के लिए जोधपुर के विभिन्न होटलों में रहने की उत्तम व्यवस्था की गई। इस दौरान हल्दी, मेहंदी, चाक, भात और महिला संगीत जैसे मांगलिक कार्यक्रमों के साथ समाज की सांस्कृतिक परंपराओं का निर्वहन किया गया।

6 फरवरी को सुबह इंडियन पब्लिक स्कूल से गाजे-बाजे के साथ भव्य बिंदोरी निकाली गई। 11 घोड़ियों पर सवार दूल्हे अमृतम पैलेस स्थित डाली बाई सर्किल पहुँचे। तोरण की रस्म के बाद विद्वान आचार्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ वर-वधू के फेरे संपन्न कराए गए। समारोह में आयोजित स्नेह भोज में लगभग 1500 समाज बंधुओं ने प्रसादी ग्रहण की।

प्रदेश संरक्षक हनुमान प्रसाद गौड़ ने बताया कि नवदंपतियों के सुखद भविष्य के लिए मौके पर ही उन्हें करीब डेढ़ लाख रुपये के आभूषण, डेढ़ लाख रुपये का गृहस्थी का सामान और एक लाख रुपये नकद कन्यादान के रूप में प्रदान किए गए।

समारोह का प्रबंधन प्रदेश और जिला कार्यकारिणी के सदस्यों द्वारा अनुकरणीय रूप से किया गया। कार्यक्रम की सफलता से उत्साहित प्रदेश अध्यक्ष राजेश गौड़ ने आगामी समय में 51 स्वजातीय जोड़ों का सामूहिक विवाह समारोह आयोजित करने का संकल्प लिया। उपस्थित समाजजनों ने इस पहल की सराहना करते हुए नव विवाहित जोड़ों को उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद दिया।

Next Story