सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ नगर निगम का अभियान, 111 किलो प्लास्टिक जब्त

भीलवाड़ा । जिला कलेक्टर के निर्देश पर नगर निगम द्वारा सिंगल यूज प्लास्टिक, गंदगी फैलाने वालों और अस्थायी अतिक्रमण के खिलाफ विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। 9 फरवरी से 28 फरवरी तक चल रहे इस अभियान के तहत 16 फरवरी को बड़ी कार्रवाई करते हुए 111 किलो सिंगल यूज प्लास्टिक और प्लास्टिक कैरी बैग जब्त किए गए तथा 18 हजार 200 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
आयुक्त हेमाराम चौधरी ने बताया कि अभियान शुरू होने से अब तक 898 किलो सिंगल यूज प्लास्टिक जब्त कर कुल 96 हजार 300 रुपये का जुर्माना वसूला जा चुका है।
स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत गंदगी और कचरा फैलाने वाले 83 व्यक्तियों पर 42 हजार 200 रुपये का जुर्माना लगाया गया। अभियान के दौरान अब तक गंदगी फैलाने वालों से कुल 2 लाख 3 हजार रुपये की राशि वसूल की जा चुकी है। वहीं नगरीय विकास कर के रूप में 16 फरवरी को 1 लाख 50 हजार रुपये की वसूली की गई, जबकि अभियान अवधि में अब तक कुल 63 लाख 85 हजार रुपये का नगरीय विकास कर संग्रहित किया गया है।
अभियान के तहत नगर निगम कार्यालय से गोल प्याऊ चौराहा होते हुए सूचना केंद्र और भीमगंज थाने तक अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए। 80 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के बाहर किए गए अतिक्रमण को भी तोड़ा गया।
आयुक्त ने स्पष्ट किया कि शहर को सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त बनाने और स्वच्छता बनाए रखने के लिए यह अभियान नियमित रूप से जारी रहेगा। गंदगी फैलाने, प्लास्टिक उपयोग और अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
