'भारतम' का लोकार्पण, 14 को लगेगा रक्तदान शिविर

भीलवाड़ा। श्री केशव स्मृति सेवा प्रन्यास मांडल द्वारा नवनिर्मित नवीन भवन 'भारतम' का लोकार्पण समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर वक्ताओं ने सामाजिक समरसता और पारिवारिक मूल्यों को जीवंत करने का आह्वान किया। समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक नंदलाल बाबा जी ने कहा कि आज के दौर में 'कुटुंब प्रबोधन' की नितांत आवश्यकता है। उन्होंने जोर देते हुए कहा, "हमारा घर मंगल हो और मंदिर जैसा पवित्र बने, इसके लिए परिवार के सभी सदस्यों को सप्ताह में कम से कम एक दिन साथ बैठकर भोजन करना चाहिए। यही संस्कारों की पहली सीढ़ी है।" उन्होंने घर के मुखिया के दायित्वों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मुखिया को योग्य, मेहनती और कर्तव्यपरायण होना चाहिए, जो परिवार को कमाना ही नहीं बल्कि संस्कारित जीवन जीना भी सिखाए।
कार्यक्रम के दौरान भजन गायक नंदलाल बाबा जी ने अपनी मधुर आवाज में "मीठो-मीठो बोल, तोष-तोष बोल" और "हरे राम-हरे कृष्ण" की सुमधुर प्रस्तुतियां दीं, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। डॉक्टर शंकर लाल माली ने बताया कि मांडल में प्रन्यास द्वारा निर्मित यह 'भारतम' भवन पूर्णतः राष्ट्र कार्य के लिए समर्पित है। यह भवन क्षेत्र में सेवा कार्यों की चौथी इकाई के रूप में कार्य करेगा। इस परिसर में आगामी समय में योग, वाचनालय और विभिन्न सेवा प्रकल्पों को प्राथमिकता दी जाएगी। प्रन्यास की ओर से उन सभी दानदाताओं का आभार व्यक्त किया गया जिन्होंने इस पुनीत कार्य में सहयोग दिया। श्रवण लाल कालबेलिया और रामेश्वर लाल छीपा ने भी विचार रखे।
14 अप्रैल को जुटेगा रक्तदान का महाकुंभ: देवीलाल साहू एवं जगदीश कुमावत ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान आगामी सेवा कार्यों की घोषणा की गई जिसमें आगामी 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के पावन अवसर पर आसींद में एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। प्रन्यास ने अधिक से अधिक युवाओं से इस रक्तदान महोत्सव में भाग लेने की अपील की है।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद: इस अवसर पर प्रचारक जयंती लाल, प्रचारक सुरेश भाई, मनोज बिड़ला, रामेश्वर छीपा, रविंद्र मानसिंहका और गोविन्द प्रसाद सोडाणी सहित कई गणमान्य नागरिक और सेवाभावी कार्यकर्ता उपस्थित थे।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें: समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455) विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129 संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455
