सर्किट हाउस तिराहा पर ट्रैफिक लाइट का काम शुरू, 15 दिन में मिलेगी जाम से मुक्ति

भीलवाड़ा। शहर के व्यस्ततम सर्किट हाउस तिराहा पर अब वाहन चालकों को जाम की समस्या से निजात मिलेगी। नगर विकास न्यास (UIT) द्वारा करीब 20 लाख रुपए की लागत से यहां आधुनिक ट्रैफिक लाइटें लगाई जा रही हैं। जयपुर की फर्म मैसर्स शीबा इलेक्ट्रॉनिक्स ने तिराहा पर फाउंडेशन तैयार करने और केबल बिछाने का काम युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया है।
यूआईटी अधिकारियों के मुताबिक, अगले 15 दिनों के भीतर इन लाइटों का संचालन पूरी तरह शुरू कर दिया जाएगा।
अजमेर चौराहा पर शुरू हुई लाइटें, शहर की यातायात व्यवस्था सुधरी
यूआईटी के अधिशासी अभियंता (XEN) संदीप माथुर ने बताया कि यातायात प्रबंधन को बेहतर बनाने की दिशा में बुधवार को ही अजमेर चौराहा पर करीब 18.50 लाख की लागत से लगी ट्रैफिक लाइटों का संचालन शुरू कर दिया गया है। इससे पहले गायत्री आश्रम चौराहा और गंगापुर चौराहा पर भी लाइटें लगाई जा चुकी हैं, जो वर्तमान में सुचारू रूप से कार्य कर रही हैं।
सर्किट हाउस तिराहा पर लाइटें लगने से न केवल जाम कम होगा, बल्कि दुर्घटनाओं की आशंका भी काफी हद तक कम हो जाएगी।
> यातायात एवं कानून व्यवस्था: शहर की सुधरती यातायात व्यवस्था, सड़क सुरक्षा और प्रशासन के विकास कार्यों से जुड़ी हर बड़ी और ताजा खबरों के लिए जुड़े रहें भीलवाड़ा हलचल के साथ। समाचार भेजें 9829041455 पर।
