गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल नहीं होने पर 15 निजी विद्यालयों को कारण बताओ नोटिस

बिजौलियाँ दीपक राठौर। राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस के अवसर पर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बिजौलियाँ के खेल मैदान पर आयोजित उपखंड स्तरीय कार्यक्रम में भाग नहीं लेने को लेकर प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, पी टी और परेड जैसी गतिविधियों से दूरी बनाए रखने वाले बिजौलियाँ क्षेत्र के 15 निजी विद्यालयों को प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है। सभी संस्थानों को दो दिन के भीतर उपस्थित होकर लिखित जवाब देने के निर्देश दिए गए हैं।
जानकारी के अनुसार गणतंत्र दिवस समारोह में निजी विद्यालयों की भागीदारी अपेक्षित थी, लेकिन कई संस्थानों के विद्यार्थी और स्टाफ कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए। इसको लेकर शिक्षा विभाग ने इसे गंभीरता से लेते हुए स्पष्टीकरण मांगा है।
वहीं एक निजी शिक्षण संस्था की ओर से अनौपचारिक रूप से यह तर्क दिया गया है कि कार्यक्रम स्थल पर विद्यार्थियों के लिए समुचित बैठक व्यवस्था नहीं थी। बच्चों को लगातार तीन घंटे तक एक ही स्थान पर बैठना पड़ा और इसके बावजूद उन्हें मौके पर मिठाई भी उपलब्ध नहीं कराई गई। संस्था का कहना है कि ऐसी परिस्थितियों के कारण भागीदारी को लेकर असंतोष रहा।
हालांकि नगर पालिका की ओर से बताया गया है कि सभी शिक्षण संस्थानों को कार्यक्रम से एक दिन पहले ही मिठाई वितरित कर दी जाती है, ताकि बच्चों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। अब शिक्षा विभाग निजी विद्यालयों से प्राप्त होने वाले जवाबों के आधार पर आगे की कार्रवाई पर निर्णय करेगा।
